Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फिरोजपुर में क्रिकेट खेलते समय युवक को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही मौत; सिक्सर मारने के बाद गिरा

फिरोजपुर में क्रिकेट खेलते समय युवक को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही मौत; सिक्सर मारने के बाद गिरा

फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय कस्बे में रविवार सुबह एक क्रिकेट मैच के दौरान दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। डीएवी स्कूल के ग्राउंड पर क्रिकेट खेलते समय एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर हर कोई स्तब्ध है।

सिक्स लगाने के बाद अचानक गिर पड़ा बल्लेबाज

गवाहों के अनुसार, हरजीत सिंह बैटिंग कर रहा था और उसने एक शानदार सिक्स लगाया। इसके बाद वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर अपने साथी खिलाड़ी से बात करने गया। बात करते-करते वह अचानक घुटनों के बल बैठ गया और फिर मुंह के बल गिर पड़ा। साथी खिलाड़ी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह बेसुध हो गया।

सीपीआर से भी नहीं बच पाई जान

जैसे ही हरजीत गिरा, ग्राउंड पर मौजूद सभी खिलाड़ी दौड़कर उसके पास पहुंचे। उन्होंने तुरंत उसके जूते उतारे और CPR देने की कोशिश की। लेकिन हरजीत को होश नहीं आया। इसके बाद उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वीडियो में कैद हुआ पूरा हादसा

मैच के दौरान हरजीत सिंह की बैटिंग का वीडियो उसके दोस्तों ने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरजीत छक्का लगाता है, फिर कुछ पलों बाद अचानक जमीन पर गिर जाता है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और हर किसी को भावुक कर रहा है।

कारपेंटर का काम करता था मृतक

मृतक हरजीत सिंह पेशे से कारपेंटर था। उसे क्रिकेट खेलने का शौक था और वह अक्सर स्थानीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया करता था। वह पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहा था, इसलिए उसके साथियों को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ हो सकता है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

हरजीत की मौत ने एक बार फिर ऐसे हादसों की याद दिला दी है जो हाल के वर्षों में कई बार सामने आ चुके हैं। इससे पहले चंडीगढ़, दिल्ली, और महाराष्ट्र में भी क्रिकेट या अन्य खेल गतिविधियों के दौरान युवाओं की हार्ट अटैक से मौत के मामले सामने आ चुके हैं।

ये भी पढ़ें- भरतपुर में हादसा : चंबल पाइप लाइन की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से 4 की मौत, 10 फीट गहरे गड्ढे में दबे एक ही परिवार के 10 लोग

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts