‘रामायण’ में यश बने रावण, सामने आया पहला ऑफिशियल पोस्टर; रॉकिंग स्टार का दमदार अवतार छाया

Ramayana Yash Ravana Look: नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म से जुड़े हर नए अपडेट पर फैंस की नजर बनी हुई है। इसी बीच मेकर्स ने रॉकिंग स्टार यश का रावण के किरदार में पहला ऑफिशियल पोस्टर जारी कर दिया है। पोस्टर में यश का शाही और दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है।
रावण के अवतार में यश का शाही अंदाज
जारी किए गए पोस्टर में यश बेहद प्रभावशाली लुक में नजर आ रहे हैं। उनके सिर पर रत्नों से जड़ा शानदार सुनहरा मुकुट है, जबकि गले में मोतियों की कई परतों वाली मालाएं और हाथों में भारी सोने के कंगन दिखाई दे रहे हैं। यश की तीखी नजरें और गंभीर भाव उनके किरदार की ताकत और प्रभाव को दिखाते हैं। पोस्टर में उनका पूरा लुक रावण के शाही व्यक्तित्व और लंकापति के वैभव की झलक देता है।
ट्रेलर के बाद और बढ़ी थी रावण को लेकर चर्चा
'रामायण' के ट्रेलर के बाद से ही यश का रावण अवतार फिल्म के सबसे चर्चित हिस्सों में शामिल रहा है। उनकी पहली झलक ने ही दर्शकों के बीच इस किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी थी। अब मेकर्स ने रावण के रूप में यश का पहला ऑफिशियल पोस्टर जारी कर इस उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। पोस्टर से फिल्म के विजुअल स्केल और रावण के किरदार को बड़े पर्दे पर भव्य तरीके से पेश किए जाने की झलक भी मिलती है।
‘रामायण’ में नजर आएगी स्टार्स की बड़ी कास्ट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ की कहानी को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश करने वाली दो भागों की महागाथा के रूप में तैयार किया जा रहा है।
कई भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसके साथ ही फिल्म को दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज करने की तैयारी है। 'रामायण' का निर्माण नमित मल्होत्रा के Prime Focus Studios ने DNEG और यश की Monster Mind Creations के साथ मिलकर किया है।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी की यह महागाथा दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिलहाल, यश का रावण अवतार सामने आने के बाद फैंस की नजरें फिल्म के अगले अपडेट और खासकर इसके दूसरे बड़े लुक्स पर टिकी हैं।




















