Emiway Bantai :पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर नया रैप 'बोल रहा सड़क' वायरल, 2 दिन में 11 लाख से ज्यादा व्यूज

देशभर में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच मशहूर रैपर Emiway Bantai ने इन मुद्दों को लेकर अपना नया रैप सॉन्ग 'बोल रहा सड़क' रिलीज किया है। यह गाना सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिलीज के महज दो दिनों के भीतर इसे 11 लाख (1.1 मिलियन) से ज्यादा बार देखा जा चुका है। गाने को कई लोग युवाओं की आवाज और छात्र आंदोलन से जुड़े संदेश के रूप में देख रहे हैं।
शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की आवाज को बनाया गाने का विषय
'बोल रहा सड़क' केवल एक म्यूजिक वीडियो नहीं बल्कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों के अधिकारों पर आधारित एक सामाजिक संदेश भी देता है। गाने में युवाओं की नाराजगी, बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का संदेश दिखाई देता है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में इस गाने को खासा समर्थन मिल रहा है।
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की आवाज से होती है शुरुआत
गाने की शुरुआत एक भावनात्मक ऑडियो क्लिप से होती है, जिसमें एक बच्चा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम से पूछता है, 'What are the major strengths and weaknesses of our India?' इसके जवाब में डॉ. कलाम की आवाज सुनाई देती है, 'Strengths of India? You guys...'। इसके बाद रैप शुरू होता है, जो सीधे शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित है।
गाने के बोल और म्यूजिक दोनों Emiway की सोच को दिखाते हैं
इस गाने को Emiway Bantai ने खुद लिखा और गाया है, जबकि इसका संगीत Memax ने तैयार किया है। गाने में किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना व्यवस्था में सुधार और युवाओं की आवाज सुनने की बात कही गई है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार चर्चा हो रही है।
कौन हैं Emiway Bantai?
Emiway Bantai का असली नाम बिलाल शेख है। वह भारतीय हिप-हॉप इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय स्वतंत्र (Independent) रैप कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने 'मचाएंगे', 'Skrrt करेंगे', 'फ्री वर्स फीस्ट' और 'असली हिप हॉप' जैसे कई चर्चित गाने दिए हैं। फिल्म 'गली बॉय' में भी उन्होंने अपनी आवाज और अभिनय से पहचान बनाई। उनका शुरुआती सफर आसान नहीं रहा। पढ़ाई के दौरान उनका झुकाव रैप संगीत की ओर बढ़ा और 12वीं कक्षा में असफल होने के बाद उन्होंने पूरी तरह संगीत को अपना करियर बनाने का फैसला किया। शुरुआत में वे अंग्रेजी में रैप करते थे, लेकिन बाद में अपने पिता की सलाह पर हिंदी में गाने लिखना शुरू किया, जिससे आम लोगों से उनका जुड़ाव मजबूत हुआ।
और बंटाई से मिली पहचान, आज करोड़ों की फैन फॉलोइंग
साल 2014 में रिलीज हुआ उनका पहला हिंदी रैप 'और बंटाई' बड़ी हिट साबित हुआ। इसके बाद Emiway ने लगातार कई सफल गाने दिए और भारतीय हिप-हॉप में अपनी अलग पहचान बनाई। आज उनके यूट्यूब पर 2.2 करोड़ से जयादा सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 60 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। 'बोल रहा सड़क' के जरिए उन्होंने एक बार फिर सामाजिक मुद्दे पर अपनी बात रखी है, जिसे बड़ी संख्या में युवा पसंद कर रहे हैं।












