Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्रदेश में पोलिंग बढ़ाने पहली बार जल, थल और आकाश में भी जतन

सोना-चांदी, लंच डिनर से लेकर चाय-मुंगौड़े पर भी डिस्काउंट
प्रदेश में पोलिंग बढ़ाने पहली बार जल, थल और आकाश में भी जतन

राजीव सोनी-भोपाल। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में गिरते मतदान प्रतिशत ने सियासी दलों सहित चुनाव आयोग का भी टेंशन बढ़ा दिया है। पहले दो चरण में वोटर्स की उदासीनता ने उम्मीदवारों की नींद उड़ा दी है। यह पहला मौका है जब पोलिंग बढ़ाने के लिए जल, थल और आकाश से भी जतन किए जा रहे हैं। मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और लुभाने के लिए मार्केट में एकाएक डिस्काउंट ऑफर्स की बाढ़ आ गई है।

वोट करने के बाद अमिट स्याही दिखाने पर सोना-चांदी, लंच, डिनर पर डिस्काउंट के साथ मुफ्त जल-पान का लालच भी दिया जा रहा है। वोटिंग बढ़ाने की ये अनूठी स्कीम देवास, विदिशा, भोपाल, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर और खंडवा- खरगोन में सुर्खियां बटोर रही हैं।

हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओ : राजन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने मतदाता जागरुकता के लिए रविवार को प्लेटिनम प्लाजा से कार रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हक जताओ और ईवीएम का बटन दबाओ। कार रैली का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक द्वारा किया गया।

पहली बार ऐसे नवाचार

मानव श्रंखला, मेंहदी, नर्मदा में बोट रैली, शहर के चौराहे व मतदान केंद्रों पर रंगोली, ट्रैक्टर, साइकल एवं बाइक रैली, पुलिस-प्रशासन और पत्रकारों के बीच मैत्री किक्रेट मैच।

यूथ वोटर्स में उदासीनता

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत का कहना है कि वोटर्स के साथ विपक्षी नेता-कार्यकर्ताओं में भी हताशा है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को लेकर युवा उदासीन हो गए हैं। भीषण गर्मी भी कम वोटिंग का एक कारण है।

वोटर्स के घर दे रहे दस्तक

वोटर्स को घरों से निकालने भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता घर-घर दस्तक दे रहे हैं। चुनाव आयोग ''चलें बूथ की ओर'' मुहिम की खातिर विदिशा की सड़कों पर ट्रैक्टर रैली निकाल चुका है। मालवा-निमाड़ की सड़कों पर साइकल व बाइक रैली के अलावा गांधी सागर डैम के समंदर जैसे पानी पर अनूठी बोट रैली चर्चा के केंद्र में रही। मंदसौर के आसमान में प्रशासन ने अंधेरी रात में एकाएक सैकड़ों चमकते गुब्बारे और आकाशदीप उड़ाकर पूरे शहर को चौंका दिया। वोटिंग बढ़ाने जिला निर्वाचन अधिकारी का यह नवाचार सुर्खियों में बना रहा।

ये हैं अनूठे ऑफर

  • रतलाम सराफा एसोसिएशन ने अमिट स्याही दिखाने पर सोने- चांदी के जेवरों पर एक प्रतिशत डिस्काउंट का ऐलान किया है।
  • मंदसौर के सेकंड होम किचन रेस्टोरेंट ने विज्ञापन देकर लंचडि नर पर 20 फीसदी डिस्काउंट ऑफर की घोषणा कर दी है।
  • चुनाव पर्व पर रतलाम के एक नमकीन विक्रेता ने 3 दिन तक डिस्काउंट दिया है।
  • मुरैना में मुंगौड़ों पर डिस्काउंट।
  • मुरैना में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने उंगली पर अमिट स्याही दिखाने वाले का मुफ्त इलाज करने की पहल की है।
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts