Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

असम में बोले PM Modi...पूर्वोत्तर हमारी अष्टलक्ष्मी, कांग्रेस ने असम को तरसाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने शनिवार को असम पहुंचे। चुनाव से पहले यह उनका पहला दौरा है। यहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय असम को पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा था। भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा राशि मिल रही है।
असम में बोले PM Modi...पूर्वोत्तर हमारी अष्टलक्ष्मी, कांग्रेस ने असम को तरसाया
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के समय पूर्वोत्तर के राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। जनसभा में PM Modi ने विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं, बजट में पूर्वोत्तर को मिली अहमियत और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बात की। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले भी किए।

    भाजपा की ताकत जमीनी कार्यकर्ता

    प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिनके समर्पण और परिश्रम से पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने संगठन को राष्ट्र जीवन में परिवर्तन का आधार बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मेहनत ही पार्टी की प्रगति का मूल है।

    पूर्वोत्तर को श्रद्धा और सेवा भाव से विकसित कर रहे

    प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को देश की “अष्टलक्ष्मी” बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार इसे श्रद्धा और सेवा भाव से विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट में भी पूर्वोत्तर की आर्थिक आत्मनिर्भरता और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके शासनकाल में असम को वित्तीय संसाधनों के लिए संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के समय राज्य को टैक्स हिस्सेदारी में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए मिलते थे, जबकि भाजपा सरकार में यह राशि पांच गुना तक बढ़ गई है। पिछले 11 वर्षों में केंद्र से असम को 5.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक विकास सहायता मिलने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

    कनेक्टिविटी और सुरक्षा पर जोर

    प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने नई इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप का उल्लेख करते हुए इसे भारत की मजबूत होती सुरक्षा व्यवस्था का प्रतीक बताया।

    पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि 

    सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हमले के बाद भारत ने आतंकियों को करारा जवाब दिया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने यह भी कहा कि नया भारत अपनी सीमाओं को मजबूत करने के साथ दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने की क्षमता रखता है।

    कांग्रेस पर तीखे हमले

    प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा की अनदेखी, तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम को हमेशा राजनीतिक नजरिए से देखा और विकास को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने कहा कांग्रेस शासन में सेना के लिए हथियार खरीद भी घोटालों से जुड़ी रहती थी, जबकि आज देश अपनी सेनाओं को आधुनिक बना रहा है और सीमाओं पर मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक असम को हिंसा, अलगाव और अस्थिरता की स्थिति में रखा। वहीं भाजपा और एनडीए सरकार शांति और तेज विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो असम कभी बम धमाकों और बंद के लिए जाना जाता था, वहां अब स्थिरता और विकास का माहौल बन रहा है। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

    Latest Posts