Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दुबई से भारत आया पति, फिर अचानक हुआ लापता! पत्नी बोली- उन्हें छिपाकर रखा...

दुबई से सतना पहुंची अश्विंदर कौर अपने पति सुनील ठाकुर की तलाश कर रही हैं। महिला का दावा है कि दोनों 2020 से साथ रह रहे थे और 2025 में जबलपुर के गुरुद्वारे में शादी की थी। पति के अचानक भारत लौटने के बाद संपर्क नहीं हो रहा। महिला ने सतना पुलिस से पति को ढूंढने में मदद मांगी है।
दुबई से भारत आया पति, फिर अचानक हुआ लापता! पत्नी बोली- उन्हें छिपाकर रखा...

सतना में एक महिला अपने पति की तलाश में पुलिस के पास पहुंची है। महिला दुबई से सतना आई है और उसका कहना है कि उसका पति अचानक दुबई से भारत लौट आया, लेकिन अब उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। महिला ने पुलिस से पति को ढूंढने और मामले में मदद करने की गुहार लगाई है। महिला का नाम अश्विंदर कौर बताया गया है। उसने शनिवार देर शाम महिला थाने में आवेदन देकर पुलिस से मदद मांगी।

2020 से लिव-इन में रहने का दावा

अश्विंदर कौर के मुताबिक, वह नवंबर 2020 से सुनील ठाकुर के साथ दुबई में रह रही थी। उसका कहना है कि उनके रिश्ते की जानकारी सुनील और उसके परिवार के सदस्यों को भी थी। महिला के मुताबिक, दोनों ने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के सिविक सेंटर स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी। इस दौरान सुनील के रिश्तेदारों और अन्य लोग भी मौजूद थे।

‘पति सतना में हैं, लेकिन मुझसे मिलने नहीं दिया जा रहा’

अश्विंदर ने बताया कि उसे जानकारी मिली है कि सुनील सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं। उसकी सास सुनीता रोरा भी सतना आई हुई हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति को उससे दूर रखा जा रहा है और उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। अश्विंदर का कहना है कि सुनील अब उसके साथ नहीं रहना चाहते और उन्हें जबरदस्ती यहां लाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Breaking News

‘दुबई से यहां उन्हें ढूंढने आई हूं’

अश्विंदर ने पुलिस से कहा कि वह अपने पति को तलाशने के लिए दुबई से भारत आई है। उसका कहना है कि वह कानूनी रूप से सुनील की पत्नी है और चाहती है कि पुलिस उसे पति को ढूंढने में मदद करे। महिला ने कहा कि वह काफी परेशान है और पति की तलाश में अलग-अलग जगहों पर भटक रही है। उसने लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी को सुनील के बारे में जानकारी मिले तो उसे बताया जाए।

महिला ने बताया- दुबई में करती है नौकरी

अश्विंदर के मुताबिक, वह दुबई में नौकरी करती है और पिछले करीब 23 साल से वहीं रह रही है। उसने बताया कि उसकी पहले भी शादी हो चुकी है, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया था। उसके मुताबिक, उसने अपने परिवार और ससुराल पक्ष को भी इस बारे में पहले ही जानकारी दे दी थी। महिला ने यह भी बताया कि उसकी उम्र सुनील से 12 साल अधिक है। इसके बावजूद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया था।

पुलिस ने कहा- फिलहाल पति को तलाशने में मदद चाहती है महिला

डीएसपी मनोज दीक्षित के मुताबिक, दुबई से आई महिला ने महिला थाने में आवेदन दिया है। महिला का कहना है कि उसका पति उसे छोड़कर सतना आ गया है और वह अपनी बहन या किसी अन्य रिश्तेदार के यहां रह रहा है। पुलिस के अनुसार, महिला फिलहाल अपने पति और ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश कर रही है। अभी इस मामले में कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला अपने पति को ढूंढने में मदद चाहती है और मामले की जानकारी ली जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts