श्री ज्ञानरत्न अकादमी में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता, 6 विकासखंडों के 180 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
सिवनी मालवा स्थित श्री ज्ञानरत्न अकादमी में शुक्रवार को 'जिलास्तरीय क्रीड़ा उत्सव' के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के छह विकासखंडों से आए 180 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान पूरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति पवन शुक्ला और नगर पालिका अध्यक्ष रितेश (रिंकू) जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
खेल व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत माध्यम: प्रेमशंकर वर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना बनाए रखते हुए निरंतर अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें: खिलचीपुर: भ्रष्टाचार की शिकायत करना पड़ा भारी, सरपंच पुत्र पर मारपीट का आरोप
शतरंज बढ़ाता है तार्किक सोच और निर्णय क्षमता
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति पवन शुक्ला ने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है, जो बच्चों में तार्किक सोच, धैर्य, एकाग्रता और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।
शतरंज जीवन की चुनौतियों से लड़ना भी सिखाता है
विद्यालय की प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज केवल बोर्ड पर खेला जाने वाला खेल नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि कई बार जीवन में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियों के अनुसार एक कदम पीछे हटना भी जरूरी होता है। यही सीख शतरंज हमें धैर्य, संयम और दूरदर्शिता के साथ आगे बढ़ना सिखाता है।
ये भी पढ़ें: 15 गालों से तार चोरी का खुलासा, किसानों की सतर्कता से छोटा बेटमा के गोदाम तक पहुंची पुलिस
रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाई शानदार रणनीति
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक चालों, मानसिक संतुलन और एकाग्रता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। हर मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिससे प्रतियोगिता बेहद रोमांचक रही। आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेल भावना के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया गया।
Edited By: Sumit Shrivastava















