Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डिंडौरी के हिनौता में 'सेवा से संकल्प' अभियान, सर्वर डाउन से 98 में सिर्फ 4 जमीनों की रजिस्ट्री

डिंडौरी के हिनौता गांव में ‘सेवा से संकल्प’ अभियान के दौरान स्वामित्व योजना के तहत 98 हितग्राहियों की जमीन की रजिस्ट्री होनी थी। सर्वर डाउन और तकनीकी खामी के कारण सिर्फ 4 रजिस्ट्री हो सकीं, जबकि 3 आवेदन प्रक्रियाधीन रहे। दिनभर इंतजार के बाद कई ग्रामीणों को बिना रजिस्ट्री कराए वापस लौटना पड़ा।
डिंडौरी के हिनौता में 'सेवा से संकल्प' अभियान, सर्वर डाउन से 98 में सिर्फ 4 जमीनों की रजिस्ट्री

डिंडौरी। जिले के हिनौता गांव में गुरुवार को 'सेवा से संकल्प' अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मध्य प्रदेश के नोडल अधिकारी और आईएएस भरत यादव शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को राज्य और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ और स्वीकृति पत्र भी बांटे गए।

योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है और स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से आदिवासी क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। वहीं जिला पंचायत सदस्य ज्योति प्रकाश धुर्वे ने ग्रामीणों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

सर्वर डाउन होने से रजिस्ट्री का काम अटका

शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के तहत 98 हितग्राहियों की जमीन की रजिस्ट्री होनी थी। इसके लिए दूर-दराज के गांवों से ग्रामीण पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी खामी और सर्वर डाउन रहने के कारण रजिस्ट्री का काम प्रभावित हो गया। दिनभर में सिर्फ 4 हितग्राहियों की जमीन की रजिस्ट्री हो सकी, जबकि 3 आवेदन प्रक्रियाधीन रहे। बाकी हितग्राहियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। काम पूरा नहीं होने के कारण कई ग्रामीणों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

Breaking News

जिले में 45 हजार से ज्यादा रजिस्ट्री बाकी

जानकारी के अनुसार, डिंडौरी जिले में फिलहाल 45,055 भूमि स्वामियों की रजिस्ट्री होना बाकी है। ऐसे में शिविर में रजिस्ट्री का काम पूरा नहीं हो पाने से पहुंचे हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसपी आशीष खरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts