Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PM मोदी के जन्मदिन पर छिंदवाड़ा में जले हजारों दीये, ‘आशीर्वाद का दीया’ से गूंजा शहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर छिंदवाड़ा में भाजपा की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
PM मोदी के जन्मदिन पर छिंदवाड़ा में जले हजारों दीये, ‘आशीर्वाद का दीया’ से गूंजा शहर

छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।

जिला भाजपा कार्यालय और छोटा तालाब पर जले दीये

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिला भाजपा कार्यालय और छोटा तालाब पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

कलेक्टर और एसपी भी कार्यक्रम में हुए शामिल

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह और पुलिस अधीक्षक अजय पांडे विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नगरवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

‘आशीर्वाद का दीया’ बना आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत लोगों ने बड़ी संख्या में दीप जलाए। उपस्थित लोगों ने कहा कि एक छोटा सा दीपक अंधकार को दूर कर प्रकाश और सकारात्मकता का संदेश देता है। इसी भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ को सेवा, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया गया।

देश की सुख-समृद्धि की कामना

जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सेवा भावना को मजबूत करने में मदद करते हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने कहा कि पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर सहयोग से ही व्यवस्था मजबूत होती है। ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम दोनों के बीच विश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

देशभक्ति के रंग में रंगा कार्यक्रम स्थल

कार्यक्रम स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और माहौल में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts