Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

घायल इलाज के लिए पहुंचे तो अस्पताल में नहीं मिला डॉक्टर-स्टाफ ! अब 25 सितंबर को आंदोलन की चेतावनी

छापीहेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और स्टाफ की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने रात में भी डॉक्टर और जरूरी स्टाफ की व्यवस्था की मांग करते हुए 25 सितंबर को फिर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि नए डॉक्टर की पदस्थापना हो चुकी है और अब ऐसी समस्या नहीं है।
घायल इलाज के लिए पहुंचे तो अस्पताल में नहीं मिला डॉक्टर-स्टाफ ! अब 25 सितंबर को आंदोलन की चेतावनी

राजगढ़। छापीहेड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए लाए जाने के दौरान डॉक्टर और अन्य स्टाफ उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में करीब दो घंटे धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में नियमित चिकित्सा सेवाएं और रात के समय भी डॉक्टर व जरूरी स्टाफ की व्यवस्था की मांग को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में घायल मरीजों को तुरंत इलाज की जरूरत होती है। ऐसे में अस्पताल में डॉक्टर और जरूरी स्टाफ की मौजूदगी जरूरी है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, फरवरी से अस्पताल में एक ही डॉक्टर के भरोसे सेवाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि छापीहेड़ा सहित आसपास के 40 से ज्यादा गांवों के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। स्टाफ की कमी को लेकर अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप भी कार्यकर्ताओं ने लगाया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी धरने में पहुंचे

धरने की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह भी अस्पताल परिसर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल हुए। कुछ देर बाद तहसीलदार सोनू गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और ड्रेसर की व्यवस्था के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा सूचना मिलने पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर कमल दांगी भी मौके पर पहुंचे। छापीहेड़ा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

Breaking News

रात में डॉक्टर की मौजूदगी की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में रात के समय भी डॉक्टर और आवश्यक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिलना जरूरी है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि नगर में दो एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन उनका समुचित संचालन नहीं होने के कारण मरीजों और घायलों को निजी वाहनों से दूसरे स्थानों पर इलाज के लिए ले जाना पड़ रहा है। उन्होंने एंबुलेंस सेवा नियमित रूप से संचालित कराने की मांग की। प्रियव्रत सिंह ने कहा कि अगर अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और अन्य जरूरी स्टाफ की व्यवस्था नहीं की गई तो 25 सितंबर को फिर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

 खिलचीपुर में PM मोदी के जन्मदिन पर जले 2100 दीपक, खांडी बावड़ी मंदिर में सजी नमो रंगोली

विधायक बोले- अब ऐसी समस्या नहीं है

मामले पर खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि जिस दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया, उससे एक दिन पहले ही राजगढ़ से डॉक्टर गुप्ता की छापीहेड़ा में पदस्थापना का आदेश हो चुका था। विधायक ने कहा कि मान लीजिए कोई दुर्घटना हुई और इसी मामले को लेकर धरना दिया गया, लेकिन डॉक्टर की पदस्थापना एक दिन पहले ही हो चुकी थी। उनके मुताबिक डॉक्टर ने छापीहेड़ा में ज्वाइन भी कर लिया है। हजारीलाल दांगी ने कहा कि अब ऐसी कोई समस्या नहीं है। इसके बाद भी कोई समस्या होगी तो मैं खुद जाकर देखूंगा और व्यवस्था कराऊंगा। धरने में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह खींची, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शाहिय खान, नगर अध्यक्ष अमरसिंह पाटीदार, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष कुशाल दांगी, ब्लॉक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय जैन, दीपक पुरोहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts