PlayBreaking News

फिल्मी दुनिया का काला सच!मेंटोर बनकर दिया काम, फिर होटल में बुलाकर किया रेप? ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर पर केस दर्ज

फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ में युवती से रेप, मारपीट और बंधक बनाने का मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने होटल में बुलाकर ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया और उसके साथ गलत हरकत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, बाद में उसे जमानत मिल गई।
Follow on Google News
मेंटोर बनकर दिया काम, फिर होटल में बुलाकर किया रेप? ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर पर केस दर्ज

एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ में युवती से रेप, मारपीट और बंधक बनाने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि, आरोपी ने उसे फाइव स्टार होटल में बुलाकर उसकी ड्रिंक में संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलाया और उसके साथ जबरदस्ती की। मामले में पुलिस ने जांच के बाद FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि बाद में जिला अदालत से उसे जमानत मिल गई।

21 अप्रैल को दर्ज हुई FIR

जानकारी के मुताबिक, युवती ने 20 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में शिकायत दी थी। जांच के बाद पुलिस ने 21 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 123 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि इस पूरे मामले का खुलासा सोमवार देर शाम को सामने आया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा इलाके की रहने वाली है और फिलहाल नई दिल्ली में रह रही है। वहीं आरोपी सैनी एस. जोहरे का पता मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ओबेराय स्प्रिंग बिल्डिंग बताया गया है।

कैसे हुई आरोपी से मुलाकात?

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि, साल 2025 में वह चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ आर्ट में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान कॉलेज के एक टीचर के जरिए उसका बायोडाटा फिल्म ‘धुरंधर’ की टीम तक पहुंचा। इसके बाद सैनी एस. जोहरे ने उसे 2 सितंबर 2025 को फिल्म प्रोजेक्ट में असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर शामिल किया। युवती का कहना है कि, आरोपी खुद को उसका मेंटर बताता था।

Featured News

‘काम की चर्चा’ के बहाने होटल बुलाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, प्रोजेक्ट शुरू होने के कुछ दिन बाद आरोपी ने काम की चर्चा के नाम पर उसे सेक्टर-17 स्थित एक होटल के कमरे में बुलाया। युवती को शुरुआत में लगा कि वहां टीम मीटिंग होगी, लेकिन बाद में पता चला कि कमरे में कोई दूसरा सदस्य मौजूद नहीं था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि, 10 सितंबर 2025 की रात करीब साढ़े 8 बजे होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया।

ड्रिंक पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

युवती के मुताबिक, ड्रिंक पीने के करीब पांच मिनट बाद उसे चक्कर आने लगे और उसकी हालत बिगड़ने लगी। शिकायत में कहा गया है कि, आरोपी ने डांस सिखाने के बहाने उसके साथ गलत तरीके से शारीरिक संपर्क किया। पीड़िता का दावा है कि, उसने कई बार उल्टियां कीं, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसे कमरे से बाहर नहीं जाने दिया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर मारपीट भी की।

पुलिस ने आरोपी को किया था गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-17 थाना पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद आरोपी सैनी एस. जोहरे को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, बाद में उसे जिला अदालत से जमानत मिल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Entertainment News

कौन हैं सैनी एस. जोहरे?

सैनी एस. जोहरे फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर के तौर पर चर्चा में आए थे। खासतौर पर थाईलैंड में पाकिस्तान के लियारी टाउन जैसा भव्य सेट तैयार करने के बाद उनका नाम सुर्खियों में आया था।

‘धुरंधर’ फिल्म फ्रेंचाइजी के बारे में जानें

‘धुरंधर’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म फ्रेंचाइजी है, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म भारतीय जासूसों की कहानी पर आधारित बताई जाती है। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों ने दुनियाभर में 3200 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts