Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

BJP विधायक पुरंदर मिश्रा से साइबर ठगी :ठग ने नितिन नबीन का PA बनकर किया कॉल, ऐंठे 10 हजार रुपए; FIR दर्ज

रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को साइबर ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन का निजी सहायक बनकर निशाना बनाया। आरोपी ने डीजल डलवाने के नाम पर पहले भरोसा जीता और फिर दो बार में 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस और साइबर टीम जांच में जुटी है।
ठग ने नितिन नबीन का PA बनकर किया कॉल, ऐंठे 10 हजार रुपए; FIR दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन का निजी सहायक बताकर विधायक को फोन किया और भरोसे में लेकर रकम ट्रांसफर करवा ली। घटना के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीजल डलवाने के नाम पर मांगे पैसे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और कहा कि वह भाजपा नेता नितिन नबीन का पीए बोल रहा है। उसने बताया कि वाहन रास्ते में है और तत्काल डीजल डलवाने के लिए पैसों की जरूरत है। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने विधायक को अपने जाल में फंसा लिया। बताया जा रहा है कि, आरोपी ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी लगा रखी थीं, जिससे शक और कम हो गया।

दो ट्रांजेक्शन में ट्रांसफर हुए 10 हजार रुपए

जानकारी के अनुसार विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 10 हजार रुपए आरोपी के खाते में भेज दिए गए।

Breaking News

दोबारा पैसों की मांग पर हुआ शक

कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर विधायक को शक हुआ। इसके बाद संबंधित नेता के कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ली गई, जहां पता चला कि उस नाम का कोई व्यक्ति वहां कार्यरत ही नहीं है। यहीं से पूरे साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ।

पुलिस और साइबर टीम जांच में जुटी

मामले के सामने आने के बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच कर रही है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल खंगालने में जुटी हुई है।

Featured News

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, प्रदेश में चोरी, लूट, डकैती और साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, जब भाजपा के विधायक तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस ने हाल ही में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना का भी जिक्र किया।

विधायक ने लोगों से की अपील

घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। खासकर जब कोई पैसों की मांग करे तो पहले संबंधित व्यक्ति या कार्यालय से सीधे पुष्टि जरूर करें। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts