PlayBreaking News

धार में खेती के लिए पट्टा मंजूर करवाने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार

धार जिले का आमला तालाब गर्मियों में सूखने के बाद खाली हुई भूमि का खेती के लिए पट्टा स्वीकृत करवाने के बदले किसान से 10 हजार रुपए की रिश्वत किराए के घर में लेते हुए पकड़ा गया 
Follow on Google News
धार में खेती के लिए पट्टा मंजूर करवाने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    धार। गर्मियों में धार जिले का आमला तालाब सूखने लगता है, जिससे उसकी रिक्त होने वाली भूमि पर खेती के लिए जलसंसाधन विभाग की ओर से पट्टा दिया जाता है। इसी तरह का पट्टा स्वीकृत करवाने के बदले किसान से रिश्वत लेते हुए जलसंसाधन विभाग के अमीन को लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। खास यही कि रिश्वतखोर अमीन ने आज छुट्टी का दिन होने से रिश्वत देने के लिए किसान को अपने किराए के घर पर ही बुलाया था, जहां लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा। 
     
    किसान से 30 हजार मांगें, पहली किश्त 10 हजार देने बुलाया
    शिकायतकर्ता किसान दयाराम पटेल पिता जगन पटेल, निवासी ग्राम आमला, तहसील और जिला धार ने इंदौर लोकायुक्त आफिस पहुंचकर एसपी राजेश सहाय को शिकायत की थी। शिकायतकर्ता किसान ने बताया कि आमला गांव के तालाब की रिक्त भूमि पर खेती करने के पट्टे के लिए आवेदन किया था। इस पर आरोपी जल संसाधन विभाग धार में अमीन के पद पर कार्यरत राज दिनकर ने 30 हजार रुपए रिश्वत मांगी, जबकि इस काम के अधिकतम 5 से 7 हजार रुपए ही लगते हैं। आरोपी ने रिश्वत नहीं देने पर पट्टा स्वीकृत नहीं होने की धमकी भी दी। तब किसान ने शिकायत की थी। 

    शिकायत सही होने पर ट्रैप टीम रवाना की गई
    किसान की रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन करवाने पर सही निकली। इस पर इंदौर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने ट्रैप टीम का गठन किया। ट्रैप टीम में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, आरक्षक कमलेश परिहार, आरक्षक अनिल परमार, आरक्षक रामेश्वर निंगवाल शामिल थे। ट्रैप टीम मंगलवार को धार रवाना हुई, जहां टीम ने आरोपी को रिश्वत दिए जाने वाले स्थानों की रैकी करके घेराबंदी कर ली।

    छुट्टी होने से रिश्वत देने किसान को किराए के घर में बुलाया
    आरोपी अमीन ने मंगलवार को छुट्टी का दिन होने से किसान दयाराम पटेल कोे रिश्वत देने के लिए प्रकाश नगर स्थित अपने किराए के घर पर ही बुला लिया। इसके बाद जैसे ही किसान ने किराए के घर पहुंचकर रिश्वत दी, वैसे ही लोकायुक्त टीम ने दबोच लिया। इसके बाद हाथ धुलवाने पर गुलाबी होने पर आरोपी अमीन राज दिनकर पिता स्व. राजेंद्र दिनकर, उम्र 26 वर्ष मूल निवासी-127, स्कीम 78, विजय नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत कार्रवाई  की गई। 

    पट्टा स्वीकृति प्रक्रिया में शामिल सभी लोगों से पूछताछ होगी
    तालाब की भूमि का पट्टा मंजूरी प्रक्रिया में शामिल सभी कर्मचारियों की भूमिका की जांच होगी। रिश्वत लेते पकडेÞ गए जल संसाधन विभाग के अमीन से पूछताछ के साथ ही सारे मामले की जांच होगी और जो भी इसमें शामिल होंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
    -राजेश सहाय, पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त पुलिस, इंदौर

    Vijay S. Gaur
    By Vijay S. Gaur

    विजय एस. गौर, पीपुल्स समाचार में रीजनल एडीटर हैं। साथ ही राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, खेती-किसानी,...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts