सोहागपुर के ढाबा खापा में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने की पहल, खगोल दर्शन से ग्रामीणों को जोड़ेंगे

सोहागपुर। ग्राम ढाबा खापा में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने तथा स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उक्त सिलसिले में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. बबीता राठौर, सोहागपुर जनपद अध्यक्ष जालम सिंह पटेल और उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी सहित सोहागपुर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीराम सोनी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। यह पहल स्थानीय विधायक विजयपाल सिंह राजपूत के प्रयासों से की गई है।
पर्यटकों को प्राकृतिक और खगोलीय विशेषताओं से कराएंगे परिचित
प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यटकों के साथ जुड़ने, स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को संचालित करने तथा क्षेत्र की प्राकृतिक एवं खगोलीय विशेषताओं से पर्यटकों को परिचित कराने के लिए तैयार किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत खगोलीय गतिविधियों एवं खगोल दर्शन को विशेष महत्व दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में तेंदुआ शावक का अंतिम संस्कार, सड़क हादसे में हुई थी मौत
पर्यटन से ग्रामीणों को मिलेंगे आय के नए साधन
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पर्यटकों को आकर्षित करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय को पर्यटन की गतिविधियों से सीधे जोड़ना भी है। प्रशिक्षण प्राप्त ग्रामीण पर्यटकों के लिए स्थानीय स्तर पर सहयोगी की भूमिका निभा सकेंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी स्थानीय जानकारी और कौशल का उपयोग करते हुए आय के नए साधन उपलब्ध होने की उम्मीद है।
प्राकृतिक, सांस्कृतिक और खगोलीय विशेषताओं को मिलेगी पहचान
ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। साथ ही क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और खगोलीय विशेषताओं को व्यापक पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर में शिक्षा शिरोमणि अलंकरण समारोह, 36 शिक्षक सम्मानित




















