Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

श्रीसीम यौन शोषण केस : संस्थान के पूर्व हेड स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, 17 छात्राओं का किया शोषण

Follow on Google News
श्रीसीम यौन शोषण केस : संस्थान के पूर्व हेड स्वामी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, 17 छात्राओं का किया शोषण
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शनिवार देर रात आगरा से श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट-रिसर्च के पूर्व हेड स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी को गिरफ्तार कर लिया। 62 वर्षीय आरोपी पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न, धमकाने और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप हैं। कई महीनों से फरार चल रहे चैतन्यानंद को पुलिस ने होटल से गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए वसंत कुंज थाने लाया गया।

    कैसे सामने आया मामला?

    मार्च 2025 में ईडब्ल्यूएस कोटे की एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि, आरोपी ने 60,000 रुपए देने के बावजूद उससे अतिरिक्त रकम मांगी और धमकी दी कि पैसा नहीं दिया तो कॉलेज छोड़ना पड़ेगा। इसके बाद कई अन्य छात्राओं ने भी यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। 4 अगस्त को पुलिस ने चैतन्यानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

    अश्लील मैसेज और धमकियों का जाल

    जांच में सामने आया कि, आरोपी छात्राओं को व्हाट्सएप पर “बेबी”, “आई लव यू”, “आई अडोर यू” जैसे मैसेज भेजता था। वह बालों और कपड़ों की तारीफ कर उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश करता। देर रात छात्राओं को कमरे में बुलाता और मना करने पर कम ग्रेड देने की धमकी देता। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने गर्ल्स हॉस्टल के कमरों में गुप्त कैमरे भी लगवाए थे।

    17 छात्राओं ने लगाए यौन शोषण के आरोप

    अब तक 32 छात्राओं से पूछताछ की गई है, जिनमें से 17 ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए हैं। कई छात्राओं ने बताया कि उन्हें विदेश यात्रा का लालच दिया गया। जबकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को खासतौर पर निशाना बनाया गया। आरोपी के लिए काम कर रही महिला फैकल्टी और वार्डन छात्राओं पर दबाव डालतीं और उनसे चैट्स डिलीट करवाती थीं।

    आरोपी के खिलाफ पहले भी केस

    2009: दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में धोखाधड़ी और छेड़छाड़ का मामला दर्ज।

    2016: वसंत कुंज में महिला से छेड़छाड़ का केस।

    2025: श्री शारदा संस्थान में यौन उत्पीड़न और ट्रस्ट की संपत्ति हड़पने का मामला।

    कोर्ट ने खारिज की थी अग्रिम जमानत याचिका

    आरोपी ने हाल ही में अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका लगाई थी, लेकिन शुक्रवार को कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और जांच शुरुआती चरण में है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने “श्री शारदा इंस्टीट्यूट” की संपत्ति को धोखाधड़ी से बनाए गए ट्रस्ट में स्थानांतरित कर आर्थिक लाभ उठाया।

    झूठे दावों से रचा था बड़ा व्यक्तित्व

    चैतन्यानंद खुद को एमबीए और पीएचडी (शिकागो यूनिवर्सिटी) डिग्रीधारी बताता था। उसने दावा किया था कि उसकी किताब पर एप्पल संस्थापक स्टीव जॉब्स और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रशंसा की थी। उसने 28 किताबें और 143 रिसर्च पेपर लिखने का दावा भी किया।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts