Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'3 बम रखे हैं...' दिल्ली के बाद अब बॉम्बे HC को मिली बम की धमकी, खाली कराए गए दोनों कैंपस, जांच जारी

'3 बम रखे हैं...' दिल्ली के बाद अब बॉम्बे HC को मिली बम की धमकी, खाली कराए गए दोनों कैंपस, जांच जारी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट में शुक्रवार को एक साथ बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने फौरन कोर्ट परिसर खाली कराया। ईमेल में दावा किया गया कि, कोर्ट रूम और परिसर में तीन बम रखे गए हैं और दोपहर 2 बजे तक परिसर खाली कर दिया जाए। धमकी भरे ईमेल में राजनीतिक संदर्भ और असामाजिक संदेश भी शामिल थे, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं।

    दिल्ली हाईकोर्ट में धमकी का मामला

    पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में लिखा गया था कि पवित्र शुक्रवार के दिन कोर्ट परिसर में विस्फोट होंगे और पाकिस्तान-तमिलनाडु की मिलीभगत से यह हमला किया जाएगा। ईमेल में जज रूम और कोर्ट परिसर में तीन बम रखे जाने का जिक्र था और आदेश दिया गया कि दोपहर 2 बजे तक परिसर खाली कर दें।

    कोर्ट परिसर में सभी जज, वकील और स्टाफ को तुरंत बाहर निकाला गया। पुलिस ने सुरक्षा-प्रोटोकॉल लागू किया और बम स्क्वॉड, स्पेशल सेल समेत अन्य यूनिट्स को मौके पर तैनात किया। आसपास के इलाकों को भी सील किया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया।

    Twitter Post

    बॉम्बे हाईकोर्ट में भी मिली धमकी

    दिल्ली हाईकोर्ट को धमकी मिलने के कुछ ही समय बाद बॉम्बे हाईकोर्ट को भी बम धमकी वाला मेल भेजा गया। इसके बाद बॉम्बे हाईकोर्ट को तुरंत खाली कराया गया। सभी जज, वकील और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ते ने कोर्ट रूम और परिसर की तलाशी शुरू कर दी।

    ईमेल में लिखी धमकी के मुख्य बिंदु

    • दिल्ली हाईकोर्ट ईमेल में डीएमके और कुछ नेताओं का नाम लिया गया।
    • धमकी में कहा गया कि उदयनिधि स्टालिन के बेटे पर एसिड अटैक किया जाएगा।
    • मेल में यह भी लिखा गया कि एजेंसियों को इस घटना की भनक तक नहीं लगेगी और विस्फोट दोपहर की नमाज़ के तुरंत बाद होगा।
    • मेल में असामाजिक और राजनीतिक संदेश भी थे, जिससे इसे “इंसाइड जॉब” जैसा बताया गया।

    पिछले धमकी के मामले

    • 20 अगस्त: दिल्ली के लगभग 50 स्कूलों को बम की धमकी मिली।
    • 18 अगस्त: 32 स्कूलों में धमकी मिली थी।
    • जुलाई में लगातार पांच दिनों में दिल्ली और बेंगलुरु के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए।
    • पिछले साल भी दिल्ली के तीन स्कूलों में बम धमकी देने वाले छात्र भाई-बहन थे।

    इन सभी मामलों में पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सतर्कता बरतते हुए स्कूलों की तलाशी ली, लेकिन कहीं भी विस्फोटक नहीं मिला।

    पुलिस कर रही जांच

    पुलिस अब ईमेल के आईपी एड्रेस, सर्वर और मेल-हेडर की फोरेंसिक जांच कर रही है। साथ ही जिन नेताओं के नाम ईमेल में थे, उनके लिए सुरक्षा बढ़ाई गई। दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि स्थिति का आंकलन किया जा रहा है और फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts