दिल्ली CM रेखा गुप्ता अटैक केस : 5 दिन की पुलिस रिमांड पर हमले का आरोपी, पूछताछ में खुलेंगे कई राज

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त की सुबह उस समय हमला हो गया जब वे सिविल लाइंस स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर रही थीं। अचानक एक व्यक्ति भीड़ से निकलकर आया और सीएम पर हमला कर दिया। हमले में सीएम गुप्ता को सिर, कंधे और हाथ में चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, कोर्ट ने अब उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
कौन है आरोपी राजेशभाई खीमजी?
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेशभाई खीमजीभाई सकरिया (41), निवासी राजकोट (गुजरात) के रूप में हुई है। वह रिक्शा चालक है और उस पर पहले से ही चाकूबाजी सहित 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि गिरफ्तारी के समय उसके पास कोई हथियार नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, आरोपी दो दिन पहले ही दिल्ली आया था और हमले से पहले उसने मुख्यमंत्री के शालीमार बाग स्थित निजी आवास की रेकी भी की थी। CCTV फुटेज में वह मोबाइल से रिकॉर्डिंग करता और किसी से लगातार बात करता हुआ दिखाई दिया।
जनसुनवाई में कैसे हुआ हमला?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिकायतकर्ता बनकर जनसुनवाई में पहुंचा और जब उसने सीएम को एक कागज सौंपा, उसी समय हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी मौके की तलाश में था। अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हमले के पीछे बड़ी साजिश?
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे उसका मकसद क्या था। मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि आरोपी के दिल्ली आने और सीएम आवास की रेकी करने से यह शक गहरा गया है कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश (larger conspiracy) हो सकती है।
पुलिस आरोपी को राजकोट भी ले जा सकती है ताकि उसके स्थानीय संपर्कों और पृष्ठभूमि की पड़ताल हो सके।
आरोपी की मां का बयान
आरोपी की मां भानुबेन सकरिया ने कहा कि उनका बेटा किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा नहीं है, बल्कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के कुत्तों को पकड़ने के आदेश से वह परेशान था और इसी वजह से दिल्ली जाकर विरोध करना चाहता था।
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
- हमले की खबर के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएँ सामने आईं।
- भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि यह किसी हताश पार्टी का काम हो सकता है।
- दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल है।
- AAP नेता आतिशी ने हमले की निंदा की और कहा कि लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन हिंसा अस्वीकार्य है।
- पूर्व भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने इसे विपक्ष की साजिश बताया।
भाजपा-AAP में आरोप-प्रत्यारोप
हमले के बाद सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा नेताओं ने आरोपी की एक तस्वीर AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ शेयर की और AAP पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया।
वहीं, AAP की गुजरात यूनिट ने इस फोटो को एडिटेड बताया और आरोप लगाया कि भाजपा ने AI का इस्तेमाल कर छेड़छाड़ की है। गोपाल इटालिया ने अपने पुराने वीडियो का लिंक शेयर करते हुए इसे झूठा करार दिया।
CM रेखा गुप्ता की पहली प्रतिक्रिया
हमले के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- "जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर कायराना प्रयास है। हमले के बाद मैं सदमे में थी, लेकिन अब बेहतर महसूस कर रही हूं। बहुत जल्द फिर जनता के बीच काम करती नजर आऊंगी।"
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर
जन्म : 19 जुलाई 1974, जुलाना (हरियाणा)
शिक्षा : B.Com., LLB
1996-97 : दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) की अध्यक्ष
2007 : उत्तरी पीतमपुरा वार्ड से पहली बार पार्षद
2009 : भाजपा महिला मोर्चा दिल्ली की महासचिव
2022 : शालीमार बाग-बी वार्ड से पार्षद चुनी गईं
2025 : शालीमार बाग विधानसभा सीट से चुनाव जीता और 20 फरवरी को बनीं दिल्ली की मुख्यमंत्री
ये भी पढ़ें: जनसुनवाई में हुए हमले के बाद CM रेखा गुप्ता की पहली प्रतिक्रिया, बोलीं- यह मेरे संकल्प पर कायराना कोशिश











