Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विवादों में दिल्ली BJP पार्षद रेनू चौधरी :अफ्रीकी फुटबॉल कोच को दी हिंदी सीखने की धमकी, अब सफाई में कही ये बात

दिल्ली बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो अफ्रीकी फुटबॉल कोच को एक महीने में हिंदी सीखने की चेतावनी देती नजर आ रही हैं। पार्षद ने कहा, हिंदी नहीं सीखने पर पार्क का उपयोग नहीं मिलेगा। विवाद बढ़ता देख अब उन्होंने सफाई दी कि, उनका मकसद धमकाना नहीं, बल्कि संवाद आसान करना था।
अफ्रीकी फुटबॉल कोच को दी हिंदी सीखने की धमकी, अब सफाई में कही ये बात
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पटपड़गंज वार्ड से बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी के एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर नया तहलका मचा दिया है। बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे एक अफ्रीकी फुटबॉल कोच को एक महीने के भीतर हिंदी सीखने की चेतावनी देती नजर आ रही हैं। पार्षद ने कहा कि, अगर कोच हिंदी नहीं सीखते हैं, तो उन्हें पार्क का उपयोग नहीं मिलेगा। वीडियो वायरल होने के बाद पार्षद ने सफाई देते हुए कहा कि, उनका मकसद किसी को धमकाना नहीं था, बल्कि संवाद में आसानी और प्रशासनिक समस्याओं को दूर करना था।

    वीडियो में क्या हुआ?

    वीडियो में रेनू चौधरी अफ्रीकी कोच से पूछती हैं कि, उन्होंने अब तक हिंदी क्यों नहीं सीखी। उन्होंने कहा, "यहां का पैसा खा रहे हो तो हिंदी बोलना भी सीखो।" वीडियो में कुछ लोग इस बात को मजाक समझकर हंसते हैं, तो पार्षद जोर देकर कहती हैं कि यह कोई मजाक नहीं है और यह चेतावनी गंभीर है।

    जानकारी के अनुसार, यह विदेशी नागरिक पिछले 15 साल से पटपड़गंज इलाके में रह रहे हैं और दिल्ली नगर निगम से पार्क किराए पर लेकर बच्चों को फुटबॉल कोचिंग देते हैं।

    विवाद बढ़ता देख पार्षद ने दी सफाई

    वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करने के बाद रेनू चौधरी ने अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि, उनका इरादा किसी को डराने या अपमानित करने का नहीं था। उनका कहना था कि, पार्क नगर निगम (MCD) के अधीन है और व्यावसायिक गतिविधि के लिए शुल्क देना जरूरी है।

    रेनू चौधरी ने बताया कि, आठ महीने पहले भी उन्होंने कोच से पार्क रेवेन्यू के विषय में बात की थी, लेकिन हिंदी न आने के कारण एमसीडी अधिकारियों के साथ संवाद में परेशानी हो रही थी। इसी वजह से उन्होंने कोच को बुनियादी हिंदी सीखने की सलाह दी।

    पार्षद ने यह भी कहा कि, उन्होंने कोच के लिए हिंदी ट्यूटर का इंतजाम करने और उसकी फीस देने की पेशकश भी की थी, लेकिन कोच ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

    आलोचनाओं के बावजूद अपना पक्ष रखा

    रेनू चौधरी का कहना है कि, अगर कोई विदेशी लंबे समय से भारत में रह रहा है और यहां काम कर रहा है, तो हिंदी जैसी आम भाषा सीखना गलत नहीं है। उनका उद्देश्य केवल संवाद को आसान बनाना और प्रशासनिक परेशानियों को कम करना था।

    पार्षद के पहले के विवादित वीडियो

    रेनू चौधरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और पहले भी उनके कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। इनमें वह निगम अधिकारियों और नागरिकों को धमकाते हुए नजर आती हैं। खासकर MCD से संबंधित कार्रवाई की धमकी देने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलते रहते हैं।

    यह भी पढ़ें: नेहरू पार्क पूल में भ्रष्टाचार की तैराकी- पूल में उतरकर “नोटों से स्नान”, कांग्रेस सेवादल का तंज भरा प्रदर्शन

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts