बांग्लादेश शपथ ग्रहण में PM मोदी का दौरा कैंसिल ;लोकसभा स्पीकर को भेजेगी सरकार

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में तारीक रहमान की पार्टी BNP की भारी बहुमत से जीत मिली है। जिसके बाद नए सरकार के मुखिया और बांग्लादेश की दिवंगत प्रधानमंभी खालिदा जिया के बेटे तारीक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। जिसकी तैयारियां शुरू हो गई है और कई देशों को निमंत्रण भी भेजे जे रहे हैं। भारत को भी इसके लिए न्यौता मिल चुका है।
PM की जगह ओम बिरला होंगे शामिल
बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का नेतृत्व लोकसभा स्पीकर ओम बिरला करेंगे। यह जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने दी है। इससे पहले अटकलें थीं कि PM नरेंद्र मोदी स्वयं इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, भारत में AI इम्पैक्ट समिट के आयोजन, कई देशों के गणमान्य अतिथियों के आगमन और पहले से तय कार्यक्रमों के चलते पीएम मोदी का बांग्लादेश दौरा संभव नहीं हो सका।
सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी का 17 फरवरी को मुंबई में इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम पहले से निर्धारित है। इसी व्यस्तता के कारण भारत की ओर से शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष को प्रतिनिधि के तौर पर भेजा जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में इन देशों को निमंत्रण
राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए कई देशों को आमंत्रण भेजा है। आमंत्रित देशों में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन संसद भवन के साउथ प्लाजा में किया जाएगा।
17 फरवरी को नई सरकार का शपथ समारोह
पड़ोसी देश में हाल ही में हुए 13वें राष्ट्रीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने भारी बहुमत हासिल किया है। इसके बाद 17 फरवरी को तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी सरकार शपथ लेगी। सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट में 32 से 42 मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसमें अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावना है। यह शपथ ग्रहण समारोह बांग्लादेश की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।











