पूर्व IAS धनेंद्र कुमार की मौत :AC ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग, कई मंत्रालयों में रहे सचिव

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एयर कंडीशनर की इनडोर यूनिट में हुए धमाके के बाद एक घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में देश के वरिष्ठ रिटायर्ड IAS अधिकारी और Competition Commission of India (CCI) के पहले चेयरमैन धनेंद्र कुमार की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि, हादसे के वक्त घर में कुल पांच लोग मौजूद थे। आग और धुएं के बीच फंसे धनेंद्र कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है।
किस समय हुआ हादसा
दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड के मुताबिक, घटना 27 मई की रात करीब 11:18 बजे हुई। हौज खास एन्क्लेव स्थित मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग ने तुरंत दो फायर टेंडर और एक वॉटर बाउज़र मौके पर भेजा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 12:20 बजे आग पर काबू पाया गया।
AC की इनडोर यूनिट में हुआ था ब्लास्ट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह एयर कंडीशनर की इनडोर यूनिट में हुआ ब्लास्ट था। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग ने ग्राउंड फ्लोर पर रखे घरेलू सामान और पहली मंजिल की लकड़ी की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया। मौके पर पहुंचे लोगों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था।
धुएं से घुटा दम, नहीं बच सकी जान
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और PCR टीम की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि धनेंद्र कुमार की मौत धुएं के कारण दम घुटने और झुलसने से हुई। वहीं उनके बेटे की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस बोली- साजिश का कोई संकेत नहीं
घटना के बाद पुलिस और क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम बिजली के उपकरणों, वायरिंग और AC यूनिट की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी तरह की साजिश या आपराधिक गतिविधि का कोई संकेत नहीं मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों और घर में मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
कौन थे धनेंद्र कुमार?
धनेंद्र कुमार देश के जाने-माने नौकरशाहों में गिने जाते थे। वे 1968 बैच के हरियाणा कैडर के IAS अधिकारी थे और उनका प्रशासनिक करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा। वे Competition Commission of India (CCI) के पहले चेयरमैन रहे। भारत में प्रतिस्पर्धा कानून को लागू करने और बड़ी कंपनियों के एकाधिकार पर नजर रखने की व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
केंद्र सरकार में संभालीं कई अहम जिम्मेदारियां
अपने लंबे प्रशासनिक करियर में धनेंद्र कुमार ने केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में सचिव के रूप में काम किया। इनमें शामिल हैं-
- रक्षा उत्पादन विभाग
- सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय
- संस्कृति मंत्रालय
- दूरसंचार मंत्रालय
इसके अलावा वे Rural Electrification Corporation के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी रहे।
वर्ल्ड बैंक में भारत का प्रतिनिधित्व
धनेंद्र कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। साल 2005 से 2009 तक वे विश्व बैंक में भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और भूटान के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहे। इस दौरान उन्होंने दक्षिण एशिया की आर्थिक और विकास परियोजनाओं पर महत्वपूर्ण काम किया।
हरियाणा के औद्योगिक विकास में बड़ा योगदान
हरियाणा सरकार में रहते हुए उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया। वे मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे। साथ ही Haryana State Industrial & Infrastructure Development Corporation (HSIIDC) के चेयरमैन और MD के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। गुरुग्राम, उद्योग विहार और मानेसर के औद्योगिक विकास में उनके योगदान को काफी अहम माना जाता है।
रिटायरमेंट के बाद भी रहे सक्रिय
सेवानिवृत्ति के बाद भी धनेंद्र कुमार सार्वजनिक नीति और कॉरपोरेट मामलों में सक्रिय रहे। वे COMPAD के संस्थापक चेयरमैन थे और Indian Institute of Corporate Affairs में School of Competition Law के चीफ मेंटर के तौर पर जुड़े हुए थे।
AC हादसों ने बढ़ाई चिंता
दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में हाल के महीनों में AC ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार खराब वायरिंग, वोल्टेज फ्लक्चुएशन, घटिया पार्ट्स और लगातार AC चलाना ऐसे हादसों की बड़ी वजह बन सकते हैं।
AC इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- AC की नियमित सर्विस कराएं।
- घटिया वायरिंग और लूज कनेक्शन से बचें।
- स्टेबलाइजर का इस्तेमाल करें।
- लगातार कई घंटों तक AC न चलाएं।
- कंपनी के अधिकृत तकनीशियन से ही रिपेयरिंग कराएं।











