CM योगी को मिली जान से मारने की धमकी : खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने भेजा ऑडियो मैसेज, कहा- CM योगी को कोई नहीं बचा पाएगा...

लखनऊ। खालिस्तान समर्थक और सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने CM योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने ऑडियो मैसेज भेजा है। जिसमें उसने कहा है कि, अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान योगी आदित्यनाथ को कोई नहीं बचा पाएगा।
खालिस्तानी आतंकी ने भेजा मैसेज
खालिस्तान समर्थक आतंकी ने 22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे समारोह में योगी आदित्यनाथ को मारने की धमकी दी। उसने अपने ऑडियो मैसेज में कहा कि- जरूरत पड़ने पर हम राजनीतिक हत्याएं करेंगे। SFJ की तरफ से 22 जनवरी को इसका जवाब दिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों की मानें तो यह रिकॉर्डिंग यूके की लोकेशन पर रिकॉर्ड की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने 3 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
सुरक्षा एजेंसियां ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इस धमकी को लेकर खुलासा किया जा सकता है। बता दें कि इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने 3 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।अर्श डल्ला गैंग के मेंबर हैं तीनों !
अयोध्या में जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें एक राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला धर्मवीर है। वह अपने दो साथियों के साथ अयोध्या जा रहा था। ये लोग अर्श डल्ला गैंग के मेंबर बताए जा रहे हैं। इन तीनों से यूपी एटीएस पूछताछ कर रही है। यह जानकारी हासिल की जा रही है कि वे तीनों किस मकसद से 22 जनवरी को अयोध्या जा रहे थे।
पन्नू ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को भी दी धमकी
खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 2 दिन पहले (17 जनवरी) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी जान से मारने की धमकी दी। पन्नू ने 26 जनवरी को भगवंत मान पर हमला करने के लिए गैंगस्टर को साथ आने के लिए कहा है। पंजाब में गैंगस्टर के खिलाफ सख्ती बरतने के बाद यह संदेश पंजाब पुलिस को दिया गया था।पन्नू ने 2 साल पहले भी दी थी योगी को मारने की धमकी
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 2 साल पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय उसने एक कॉल रिकॉर्डिंग में कहा था कि, 15 अगस्त को सीएम योगी को हम लखनऊ के विधान भवन पर झंडा नहीं फहराने देंगे। 1.01 मिनट की धमकी भरी कॉल रिकॉर्डिंग में पन्नू ने CM योगी व RSS (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी।












