भोपाल। निशातपुरा इलाके की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान स्थान पर बनी पानी की टंकी में एल्यूमीनियम में संदूक से महिला का शव निकला। शव करीब चार से पांच दिन पुनाना बताया जा रहा है, महिला की हत्या करने के बाद अज्ञात हत्यारे ने उसकी लाश को संदूक में बंद कर पत्थर भरने के बाद टंकी में ठिकाने लगाया। महिला के हाथ पर उसकी जन्म तारीक और दीप नाम लिखा हुआ है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान के लिए शहर से लापता हुई महिलाओं की जानकारी जुटा रही है।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली थी कि छह घरा के बाद कमल नगर हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक सुनसान स्थान पर बनी पानी की टंकी में एल्यूमीनियम की संदूक दिखाई दे रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की ममद से संदूक को पानी की टंकी से बाहर निकाला। संदूक खोली गई तो उसमें एक 30 से 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला।
शव करीब चार से पांच दिन पुराना होने और पानी में पड़े होने के कारण सड़ गया है। महिला के हाथ पर 26 मई 1992 और दीप नाम लिखा है, संभावना जताई जा रही है कि हाथ पर लिखी तारीक महिला की जन्म तारीक हो सकती है, वहीं हाथ पर लिखा नाम किसी करीबी का हो सकता है।
बताया जा रहा है कि महिला की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद लाश को संदूक में भरकर सुनसान स्थान पर पूर्व में हुए निर्माण कार्य के लिए बनाई गई पानी की टंकी में ठिकाने लगाया गया है।
पुलिस को संदूक से महिला के शव के साथ भारी मात्रा में पत्थर मिले हैं, जिससे की लाश बजन होने के कारण पानी की गहराई में ठहर जाए। पुलिस ने लाश मिलने के बाद करीब पंद्रह फिट गहरी पानी की टंकी को खाली कराया। जिससे मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य मिल सकें। इसके साथ ही पुलिस मृतका के हाथ पर लिखी तारीक और दीप नाम के अलावा शहर में पिछले कुछ दिनों में लापता हुई महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है, जिससे की उसकी पहचान की जा सके।
पुलिस को शुरूआती जांच में महिला के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, इससे संभावना जताई जा रही है कि उसकी गला घोंट कर हत्या की गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी हत्या की वजह साफ हो सकेगी।