मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर पहुंचकर हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगतों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से उनकी आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में हुई इस दर्दनाक घटना के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ली और हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि इस हादसे की हर एंगल से गहन और व्यवस्थित जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की टीम इस पूरे मामले की जांच करेगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार को तत्काल मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया था, ताकि स्थिति का सही आकलन किया जा सके।
इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकरलाल लालवानी के साथ विधायक महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़ और गोलू शुक्ला शामिल रहे। प्रशासन की ओर से संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह और कलेक्टर शिवम वर्मा ने भी मौके पर मौजूद रहकर हालात की जानकारी दी।
ये भी पढ़ें: CG News: धर्मांतरण कानून में कड़ी सजा, डिजिटल प्रलोभन भी अपराध घोषित
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और हृदय विदारक है। राज्य सरकार अब ऐसे सभी पहलुओं की समीक्षा करेगी जिनकी वजह से इस तरह की घटनाएं होती हैं। आने वाले समय में सुरक्षा मानकों को और सख्त किया जाएगा, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।