Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में फिर शुरू हुई मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना, रामेश्वरम और मदुरई के लिए पहली ट्रेन रवाना

मोदी गारंटी के तहत बुजुर्गों को मिलेगा मुफ्त तीर्थ यात्रा का लाभ
Follow on Google News
छत्तीसगढ़ में फिर शुरू हुई मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना, रामेश्वरम और मदुरई के लिए पहली ट्रेन रवाना
छत्तीसगढ़ में गुरुवार (27 मार्च) को एक बार फिर मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना की शुरुआत हुई। इस योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को नि:शुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से सुबह 10:30 बजे पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत कई वरिष्ठ बीजेपी नेता उपस्थित रहे।

रामेश्वरम और मदुरई के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

इस विशेष ट्रेन में बड़ी संख्या में बुजुर्ग श्रद्धालु रामेश्वरम और मदुरई के पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्हें यात्रा, भोजन और ठहरने की पूरी व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

2013 में हुई थी योजना की शुरुआत, कांग्रेस सरकार में बंद हुई

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत 2013 में डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी। लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान इसे बंद कर दिया गया था। अब बीजेपी के सत्ता में लौटते ही इसे दोबारा बहाल किया गया है।

सरकार बुजुर्गों की आस्था का रखेगी सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "हमारी सरकार बुजुर्गों की आस्था का पूरा सम्मान करती है। तीर्थ यात्रा करना हर श्रद्धालु का अधिकार है और हम इसे सुनिश्चित कर रहे हैं।" उन्होंने आगे बताया कि अयोध्या धाम रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 22,000 से अधिक श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक बुजुर्गों को इस योजना का लाभ पहुंचाना है।

भविष्य में और भी तीर्थ यात्राएं होंगी आयोजित

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह योजना केवल रामेश्वरम और मदुरई तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिल सके।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts