छिंदवाड़ा में गैस एजेंसी की मनमानी का आरोप, समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान

छिंदवाड़ा। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की समय पर डिलीवरी नहीं होने को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी सामने आ रही है। भारत गैस एजेंसी, छिंदवाड़ा से जुड़े उपभोक्ताओं ने समय पर सिलेंडर नहीं मिलने और होम डिलीवरी में देरी की शिकायत की है। एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भी एजेंसी पर सिलेंडर की डिलीवरी में देरी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है।
2 घंटे एजेंसी में इंतजार, फिर भी नहीं मिला सिलेंडर
श्याम टॉकीज निवासी 75 वर्षीय उमा साहू के मुताबिक, उन्होंने बुधवार को गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी में करीब दो घंटे इंतजार किया और अपना नंबर लगाया। इसके बाद एजेंसी संचालक की ओर से उन्हें बताया गया कि फिलहाल सिलेंडर उपलब्ध नहीं है और गुरुवार को होम डिलीवरी कर दी जाएगी। उमा साहू का कहना है कि उन्होंने पूरे दिन सिलेंडर का इंतजार किया, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी सिलेंडर घर नहीं पहुंचा। इससे उन्हें खाना बनाने और घरेलू कामकाज में काफी परेशानी हुई।

एजेंसी ने कहा- वाहन निकल गया
बुजुर्ग महिला के मुताबिक, जब उन्होंने गैस एजेंसी से फोन पर संपर्क किया तो बताया गया कि सिलेंडर वितरण करने वाला वाहन निकल चुका है और अब डिलीवरी अगले दिन की जाएगी। इस मामले में उपभोक्ता ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
कई दिनों तक इंतजार का आरोप
स्थानीय उपभोक्ताओं की ओर से गैस सिलेंडर वितरण को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। इनमें समय पर सिलेंडर नहीं मिलना, कई दिनों तक इंतजार करना और होम डिलीवरी नहीं मिलने जैसी शिकायतें शामिल हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें खुद तय स्थान पर जाकर सिलेंडर लेना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी होती है। इसके अलावा निर्धारित सरकारी दर से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दो दिन पहले दूसरी गैस एजेंसी पर हुई कार्रवाई
छिंदवाड़ा में दो दिन पहले नाहर एलाइट गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। उपभोक्ताओं के कथनों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्रशासन ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (Essential Commodities Act) के तहत प्रकरण तैयार किया है। प्रकरण को आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर, छिंदवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अब कलेक्टर स्तर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
उपभोक्ताओं को सुविधा देने की मांग
उपभोक्ताओं की मांग है कि गैस सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी, निर्धारित दर पर बिक्री और पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।




















