Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पांढुर्णा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 45 लाख के गहने बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में विनय ज्वेलर्स में हुई लाखों की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 45 लाख रुपये के आभूषण, 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक वाहन पांढुर्णा रेलवे स्टेशन से चोरी किया गया था।
पांढुर्णा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 45 लाख के गहने बरामद; 6 आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में विनय ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने खुलासा किया।

पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में गुजरी चौक स्थित विनय ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 45 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें एक वाहन पांढुर्णा रेलवे स्टेशन से चोरी किया गया था। पुलिस अधीक्षक विदिता डागर ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।

आधी रात ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर की थी लूट

पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:30 बजे के बीच तीन से चार बदमाश रामधक्का रोड स्थित विनय ज्वेलर्स में घुसे थे। इस दौरान बदमाशों ने राजेश खरवड़े पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी सोने की अंगूठियां, लॉकेट, मंगलसूत्र, चेन, ब्रेसलेट समेत कई आभूषण लेकर फरार हो गए। मामले में साक्षी खरवड़े की शिकायत पर पांढुर्णा थाने में अपराध क्रमांक 482/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

बैतूल और पांढुर्णा से पकड़े गए आरोपी

पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, एसडीओपी ब्रजेश भार्गव और थाना प्रभारी अमित दाणी के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने नितिन उर्फ बारीक उड़के, आशीष बारसकर, पीयूष बारपेटे, गोविंद विश्वकर्मा और ऋतिक सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। वहीं, लूटे गए आभूषण खरीदने के आरोप में पीयूष के मौसा तरुण खाकरे, निवासी खापा, थाना आठनेर को भी गिरफ्तार किया गया।

45 लाख के गहने और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 45 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 2.20 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें से एक वाहन रेलवे स्टेशन से चोरी किया गया था।

कई थानों की पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई

इस लूटकांड के खुलासे में पांढुर्णा और छिंदवाड़ा जिले की पुलिस टीमों ने सहयोग किया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई से मामले की जांच में अहम सफलता मिली है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का विषय बने ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा हुआ है।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts