Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

CBSE OSM विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त:छात्रों की निराशा पर जताई चिंता, केंद्र और बोर्ड से मांगी सुधार की रिपोर्ट

CBSE की ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में तकनीकी गड़बड़ियों और मूल्यांकन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। कोर्ट ने केंद्र सरकार और CBSE से सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट मांगी है, जबकि मामले की अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद होगी।
छात्रों की निराशा पर जताई चिंता, केंद्र और बोर्ड से मांगी सुधार की रिपोर्ट
CBSE OSM विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ऑन स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में सामने आई तकनीकी खामियों और मूल्यांकन विवादों पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार और सीबीएसई को निर्देश दिया है कि मूल्यांकन प्रणाली में सुधार के लिए अब तक उठाए गए कदमों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए। मामले की अगली सुनवाई एक सप्ताह बाद होगी।

छात्रों की निराशा पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

एक छात्र की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि युवा छात्रों में बहुत निराशा है, इस स्थिति को गंभीरता से देखा जाना चाहिए। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने भी कहा कि मूल्यांकन प्रणाली में कुछ समस्याएं धीरे-धीरे सामने आ रही हैं। उन्होंने केंद्र और सीबीएसई से इन कमियों को दूर करने के लिए अदालत का सहयोग करने को कहा।

छात्र की मार्कशीट का विवाद सुलझा

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता छात्र की मार्कशीट से जुड़ा व्यक्तिगत विवाद अब सुलझा लिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि OSM प्रणाली में आई तकनीकी खामियों की जांच और सुधार के सुझाव देने के लिए पूर्व आईएएस अधिकारी एस. राधा चौहान की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

ये भी पढ़ें: विदेशी घोषित 27 लोगों को मिली राहत! सुप्रीम कोर्ट ने गुवाहाटी हाई कोर्ट का आदेश पलटा, मामला दोबारा सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनल भेजा

जांच समिति करेगी तकनीकी और खरीद प्रक्रिया की समीक्षा

पिछले महीने गठित इस समिति को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें  OSM प्रणाली में आई तकनीकी गड़बड़ियों की जांच,  मूल्यांकन में हुई त्रुटियों का विश्लेषण, सिस्टम की खरीद प्रक्रिया की समीक्षा, टेंडर की शर्तों की जांच और भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए सुझाव देना शामिल हैं।

गड़बड़ियों के बाद CBSE में प्रशासनिक फेरबदल

OSM प्रणाली में सामने आई अनियमितताओं के बाद सीबीएसई ने कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला भी किया था। बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बदलाव शुरू किए हैं। अब सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इस पूरे मामले की समीक्षा होने से सुधार प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: भोजशाला पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : मुस्लिम पक्ष को नमाज की अनुमति नहीं, सिर्फ मिलेगी खुली जगह

एक सप्ताह बाद होगी अगली सुनवाई

सॉलिसिटर जनरल ने अदालत से आग्रह किया कि सरकार और जांच समिति द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदमों की विस्तृत जानकारी पेश करने के लिए समय दिया जाए। इस पर सहमति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई अगले सप्ताह के लिए निर्धारित कर दी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts