कनाडा में पंजाबी कारोबारी की गोली मारकर हत्या :लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, परिवार बोला- किसी से कोई रंजिश नहीं थी…

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, परिवार बोला- किसी से कोई रंजिश नहीं थी…
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    कनाडा में रह रहे भारतीय मूल के बड़े कारोबारी दर्शन सिंह सहसी (68) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा गांव के रहने वाले थे और कनाडा की नामी कपड़ा रीसाइक्लिंग कंपनी ‘कैनम इंटरनेशनल’ के अध्यक्ष थे। दर्शन सिंह की हत्या अबॉट्सफोर्ड शहर के रिजव्यू और समिट ड्राइव के पास हुई, जब वे अपनी गाड़ी में बैठे थे।

    पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे (कनाडा समय) अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया और पास के तीन स्कूलों को एहतियातन बंद किया गया।

    समाजसेवी और लोकप्रिय कारोबारी थे दर्शन सिंह

    दर्शन सिंह सहसी न केवल एक सफल उद्योगपति थे, बल्कि समाजसेवा के लिए भी जाने जाते थे। वे कनाडा में बसे पंजाबी समुदाय के बीच बेहद लोकप्रिय थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। उनके बेटे अर्पन सिंह ने बताया कि, पापा का किसी से कोई झगड़ा या रंजिश नहीं थी। हमें समझ नहीं आ रहा कि ऐसा किसने और क्यों किया। उन्हें कभी कोई धमकी या ब्लैकमेल कॉल नहीं मिली थी।

    अर्पन ने यह भी बताया कि, पिता ने पंजाब में किसान के रूप में जीवन की शुरुआत की थी। उसके बाद क्रूज शिप पर काम किया और फिर कनाडा में बिजनेस खड़ा किया। उन्होंने कहा कि, पापा मेहनती, विनम्र और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।

    पुलिस जांच में ‘टार्गेटेड अटैक’ की आशंका

    अबॉट्सफोर्ड पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे टार्गेटेड हिंसा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि, फिलहाल किसी गैंग या एक्सटॉर्शन नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी संभावित एंगल की जांच जारी है। मामले की जांच अब इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी गई है।

    लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

    हत्या के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े अपराधी गोल्डी ढिल्लन ने पोस्ट डालकर इस वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि, गैंग ने दर्शन सिंह से उनके कारोबार के बदले धनराशि मांगी थी, लेकिन जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया और संपर्क बंद कर लिया, तो गिरोह ने सजा देने के लिए हत्या की। हालांकि, कनाडा पुलिस ने गैंगस्टर एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा है कि, परिवार ने भी किसी आपराधिक गिरोह के दबाव की बात नहीं कही।

    किस कंपनी से जुड़े थे दर्शन

    दर्शन सिंह सहसी की कंपनी ‘कैनम इंटरनेशनल ग्रुप’ दुनिया की अग्रणी टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग कंपनियों में से एक है। कंपनी की शाखाएं 40 से अधिक देशों में हैं और इसमें 1,800 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। हर दिन लगभग 5 लाख पाउंड कपड़ा इस कंपनी में रिसाइकल किया जाता है। कंपनी की कुल वैल्यूएशन करीब 840 से 875 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई जाती है, जबकि वार्षिक राजस्व लगभग 1.3 बिलियन डॉलर है।

    कैनम ग्रुप को वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन के लिए भी जाना जाता है। दर्शन सिंह ने 1990 के दशक से इस उद्योग में अपना नाम बनाया और हजारों लोगों को रोजगार दिया।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts