Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बजट एयरलाइन इंडिगो 10 नवंबर 2025 से शुरू करेगी दिल्ली-ग्वांगझो के बीच सीधी उड़ानें 

बजट एयरलाइन इंडिगो 10 नवंबर 2025 से शुरू करेगी दिल्ली-ग्वांगझो के बीच सीधी उड़ानें 

नई दिल्ली। देश की प्रमुख बजट एयरलाइन इंडिगो ने शनिवार को घोषणा की कि वह 10 नवंबर 2025 से चीन के ग्वांगझो और भारत की राजधानी दिल्ली के बीच रोजाना सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। यह कदम लगभग पांच साल बाद दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क को फिर से सामान्य करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कोविड महामारी और डोकलाम विवाद के बाद भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क लगभग ठप पड़ गया था। इंडिगो ने बताया यह नई उड़ान एयरबस ए320 विमान से संचालित की जाएगी, जिससे एशिया की दो सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं की राजधानियों के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा। 

पहले 26 अक्टूबर से की उड़ान शुरू होने की घोषणा

हाल ही में भारत के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू की जाएंगी। इस घोषणा को दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। चीन के दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि बीजिंग भारत के साथ वाणिज्यिक हवाई सेवाओं को धीरे-धीरे पुन: आरंभ करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले इंडिगो ने कोलकाता से ग्वांगझो के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा की थी, जो 26 अक्टूबर से शुरू होगी। अब दिल्ली-ग्वांगझो उड़ान का निर्णय कंपनी की पूर्वी एशिया में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। इंडिगो के ग्लोबल सेल्स प्रमुख विनोद मल्होत्रा ने कहा कि हम चीन से जुड़ाव को मजबूत करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। 

दिल्ली से रात 9:45 बजे उड़कर सुबह 4:40 बजे पहुंचेगी

भारत और चीन, जो दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश हैं, के बीच यात्रा दोबारा शुरू होने से सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाएं खुलेंगी। नई सेवा के तहत दिल्ली से उड़ान रात 9:45 बजे रवाना होगी और सुबह 4:40 बजे ग्वांगझो पहुंचेगी। वहीं, वापसी की उड़ान सुबह 5:50 बजे ग्वांगझो से उड़ान भरेगी और सुबह 10:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यात्री इस मार्ग के टिकट इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट से बुक कर सकते हैं। इंडिगो दिसंबर 2025 से दिल्ली और वियतनाम की राजधानी हनोई के बीच भी सीधी दैनिक उड़ान शुरू करने की योजना बना रही है। कंपनी पहले से ही कोलकाता से हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के लिए साप्ताहिक 14 उड़ानें संचालित कर रही है। इन नई सेवाओं के जरिए इंडिगो दक्षिणपूर्व एशिया और पूर्वी एशिया दोनों क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...Read More

Latest Posts