इंदौर। करीब छह दिन पहले तिलक नगर थाना क्षेत्र के ब्रजेश्वरी एनेक्स में भीषण अग्निकांड हुआ था। इसमें दो परिवारों के आठ लोगों की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। सोमवार को पुलिस ने घटनास्थल पर लगी केबल, एमसीबी, शॉकेट आदि बिजली उपकरणों को जब्त किया है। इन उपकरणों की एसएफएल जांच के लिए सागर भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच पर पुलिस काम करेगी।
इस केस में पुलिस ने सभी जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से बयान ले लिए हैं। बयान में कुछ भी संदेहास्पद नजर नहीं आया। फायर ब्रिगेड की जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। उसकी रिपोर्ट के बाद पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचेगी। उधर, मृतक के तीनों बेटों को बयान के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने बयान देने में अभी असमर्थता जताई है। बेटों का कहना है कि मां बीमार है, जब तक वे ठीक नहीं होती, पुलिस से बात नहीं कर पाएंगे।
हादसे में नष्ट हुए विद्युत उपकरणों को जब्त कर उन्हें जांच के लिए सागर भेजा जा रहा है। मृतक के बेटों के बयान नहीं हो पाए हैं।
मनीष लोधा, टीआई, थाना तिलक नगर।