Bhopal News : युवक ने थाने के गेट पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाई, आग बुझाने में कांस्टेबल के हाथ झुलसे

राजधानी भोपाल के गौतम नगर क्षेत्र में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस दौरान आग बुझाने आए एक हेडकांस्टेबल के हाथ झुलस गए।
 युवक ने थाने के गेट पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाई, आग बुझाने में कांस्टेबल के हाथ झुलसे
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। गौतम नगर में एक युवक ने खुद के उपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक को आग लगाते देख एक हेड कॉन्स्टेबल ने तुरंत आग बुझाई, जिससे उनके हाथ झुलस गए। घटना के तुरंत बाद युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। दरअसल, युवक का पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवती से विवाद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

    परिचित से पैसों को लेकर विवाद

    जानकारी के अनुसार गौतम नगर कॉलोनी निवासी राहुल पंथी पिता मोहन पंथी (21) प्राइवेट काम करता है।  उसका पैसों को लेकर अपनी परिचित पायल वंशकार के साथ विवाद चल रहा है। राहुल पंथी को युवती से पैसा लेना हैं। इसी बात को लेकर टीला जमालपुरा इलाके में दोनों के बीच रविवार को विवाद हो गया। यहां हुई कहासुनी के बाद राहुल पंथी और पायल वंशकार को डायल-112 टीला जमालपुरा थाने लेकर पहुंची। यहां से राहुल पंथी अचानक गायब हो गया।

    मां को लेकर रिपोर्ट लिखाने पहुंचा

    इसके बाद वह अपनी मां राधा बाई को लेकर युवती के खिलाफ शिकायत करने गौतम नगर थाने पहुंच गया। यहां मां थाने के अंदर पुलिसकर्मियों से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान राहुल मां से मोबाइल लेकर थाने के गेट पर पहुंचा। यहां उसने फोन पर किसी से बातचीत की और फिर अपने उपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली।

    कांस्टेबल ने देखा आग लगाते हुए 

    गौतम नगर थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल प्रवीण ठाकुर ने राहुल पंथी को आग लगाते देखा। इससे पहले की कोई अनहोनी होती हेड कांस्टेबल ने उसे बचाने के लिए आग बुझाई। आग बुझाने के दौरान उनके हाथ झुलस गए। वहीं राहुल पंथी के कपड़े बुरी तरह से झुलस गए। थाने में हुई इस घटना के बाद आनन-फानन में पुलिस ने राहुल पंथी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। गौतम नगर थाना पुलिस ने इस मामले में राहुल पंथी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts