भावुक हुए वरुण धवन :बॉर्डर 2 के इवेंट में ऑपरेशन सिंदूर और 1971 युद्ध का किया जिक्र, जानें क्या कहा

फिल्म बॉर्डर 2 का पहला गाना ‘घर कब आओगे’ जैसलमेर में लॉन्च हुआ। इस मौके पर वरुण धवन ने बचपन में फिल्म बॉर्डर से मिली प्रेरणा, भारतीय सेना के साहस और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत शांति प्रिय देश है, लेकिन जरूरत पड़ने पर अपनी धरती की रक्षा करना भी जानता है।
बॉर्डर 2 के इवेंट में ऑपरेशन सिंदूर और 1971 युद्ध का किया जिक्र, जानें क्या कहा
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज से पहले ही देशभक्ति के रंग में रंगती नजर आ रही है। फिल्म का पहला गीत ‘घर कब आओगे’ शुक्रवार को राजस्थान के जैसलमेर में लॉन्च किया गया। इस खास मौके पर अभिनेता वरुण धवन ने भारतीय सेना, ऑपरेशन सिंदूर और अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए ऐसा बयान दिया, जिसने मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में BSF के जवानों की मौजूदगी ने माहौल को और भी गर्वपूर्ण बना दिया।

    ‘बॉर्डर’ देखकर जगा था सेना के लिए सम्मान

    गाने के लॉन्च के दौरान वरुण धवन ने बताया कि, उन्होंने बचपन में जेपी दत्ता की फिल्म ‘बॉर्डर’ (1997) देखी थी। उस फिल्म ने उनके मन में भारतीय सशस्त्र बलों के लिए गहरा सम्मान पैदा किया। वरुण ने कहा कि, जैसे सनी देओल ने अपने बचपन में फिल्म ‘हकीकत’ देखकर प्रेरणा पाई थी। वैसे ही ‘बॉर्डर’ देखकर उनके दिल में भी यह ख्वाहिश जगी थी कि एक दिन वह वर्दी पहनकर देश की रक्षा करने वाले किरदार को निभाएं। उन्होंने स्वीकार किया कि, उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह एक दिन ‘बॉर्डर फ्रेंचाइजी’ का हिस्सा बनेंगे।

    देश के आत्मविश्वास की पहचान

    वरुण धवन ने कहा कि, ‘बॉर्डर’ केवल एक फिल्म नहीं थी, बल्कि उसने पूरे देश में साहस, जोश और आत्मविश्वास भर दिया था। उनके मुताबिक, इस फिल्म ने यह एहसास कराया कि भारत न सिर्फ शांतिप्रिय देश है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मजबूती से जवाब देना भी जानता है।

    ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर्स देखकर कही बड़ी बात

    कार्यक्रम के दौरान मंच पर चारों ओर लगे ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर्स को देखकर वरुण धवन ने कहा कि, हमारा देश अमन, शांति और प्यार में विश्वास करता है, लेकिन कभी-कभी ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्मों का आना बेहद जरूरी होता है। इससे देश के युवाओं को यह याद दिलाया जाता है कि भारत में आज भी हिम्मत और जज्बा मौजूद है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, अगर कोई भारत की धरती की ओर गलत नजर से देखेगा, तो देश मुंहतोड़ जवाब देना जानता है।

    1971 के युद्ध और आज के भारत की ताकत

    वरुण धवन ने अपने भाषण में 1971 के भारत-पाक युद्ध और बांग्लादेश के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि, जब भारत किसी दूसरे देश को आजादी दिला सकता है, तो वह अपनी आजादी, सम्मान और सुरक्षा के लिए भी पूरी ताकत से खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि, यही जज्बा आज भी भारतीय सेना के हर जवान में जिंदा है।

    BSF जवानों के साथ दिखा जोश और जश्न

    इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें BSF के जवान ‘घर कब आओगे’ गाने पर परफॉर्म करते नजर आ रहे हैं। परफॉर्मेंस के बाद जवानों ने वरुण धवन, सनी देओल और अहान शेट्टी को मंच पर बुलाया, जहां सभी ने मिलकर जवानों के साथ डांस किया। यह पल दर्शकों के लिए बेहद भावुक और गर्व से भरा रहा।

    डायलॉग ने बढ़ाया जोश

    कार्यक्रम के अंत में वरुण धवन ने फिल्म का एक दमदार डायलॉग भी सुनाया। इस बार हम बॉर्डर में घुसेंगे ही नहीं, हम बॉर्डर ही बदल देंगे। इस डायलॉग पर पूरे पंडाल में तालियों की गूंज सुनाई दी।

    Featured News

    ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि

    गौरतलब है कि, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई थी। इसके जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में POK में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया गया और 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया।

    ‘बॉर्डर 2’ से देशभक्ति का मजबूत संदेश

    ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और आत्मसम्मान की कहानी है। वरुण धवन के बयान साफ संकेत देते हैं कि, यह फिल्म युवाओं में देशभक्ति, गर्व और जिम्मेदारी की भावना जगाने का काम करेगी।

    यह भी पढ़ें: KBC-17 में बीजापुर का नाम रोशन! CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिश्वास ने जीते 1 करोड़, बिग बी ने डिनर पर बुलाया

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts