जन्मदिन पर क्या चाहिए?केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद बताई अपनी इच्छा

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपना जन्मदिन इस बार विशेष रूप से ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर वे समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे।
ये भी पढ़ें: Smart Farming : एक ही पौधे में उगेंगे आलू और टमाटर...'किसान' शिवराज ने बताया कितना होना चाहिए उत्पादन
जन्मदिन पर विशेष अपील- उपहार नहीं, सिर्फ पौधा
शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों से अनुरोध किया है कि उनके जन्मदिन पर कोई होर्डिंग, शॉल, स्मृति चिन्ह या अन्य उपहार न लाएं। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा यह होगा कि लोग एक पौधा लगाएं और उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड करें। इस तरह वे शिव वृक्ष मित्र बन सकते हैं।
ये भी पढ़ें: MP की होली : CM डॉ. मोहन यादव ने फूल- गुलाल से खेली होली, शिवराज ने गाया फाग गीत, अन्य शहरों में भी रही धूम
मंत्री ने ट्वीट किया कि अगर आप मेरे लिए स्नेह और प्रेम दिखाना चाहते हैं, तो जन्मदिन पर शॉल, श्रीफल या स्मृति चिन्ह न लाएं। बस प्रेम से एक पेड़ लगाएं और फोटो अपलोड करें। इससे बड़ी खुशी मेरे लिए और कोई नहीं हो सकती। जन्मदिन पर होर्डिंग या उपहार नहीं, केवल पेड़ लगाकर शुभकामना दें। अपने जन्मदिन पर भी पेड़ लगाने का संकल्प लें। धन्यवाद। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों में सेवा भाव पैदा करना है।
पांच प्रमुख संकल्प,नई योजनाओं की शुरुआत
शिवराज सिंह चौहान इस दिन पांच मुख्य संकल्प लेंगे, जो पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े होंगे। इसके साथ ही कई नई योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
- मामा कोचिंग क्लासेस- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की शुरुआत की जाएगी। पहले चरण में यह कक्षाएं विदिशा, रायसेन और भैरुंदा में शुरू होंगी। यहाँ छात्रों को बैंकिंग, SSC, MPPSC और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी।
- मामा चलित अस्पताल- ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक विधानसभा में ‘मामा चलित अस्पताल’ शुरू किया जाएगा। यह आधुनिक जांच उपकरणों और चिकित्सकों की टीम से सुसज्जित वाहन होगा, जो गांव-गांव जाकर नि:शुल्क उपचार और परामर्श प्रदान करेगा। इसका संचालन सांसद निधि और जनसहयोग से होगा।
- प्रतिभा सम्मान- अपने माता-पिता की स्मृति में मंत्री ने ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत की है। विदिशा लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को क्रमशः 51,000, 31,000 और 21,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। लोकसभा स्तर पर शीर्ष तीन विद्यार्थियों को विशेष सम्मान भी मिलेगा।
- दिव्यांगों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल- दिव्यांग लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दी जाएगी, ताकि वे स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकें।
- पर्यावरण संरक्षण संदेश- जन्मदिन पर पौधारोपण कर लोग प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। यह कदम लोगों को सेवा और समाज के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
जन्मदिन को सेवा का दिन बनाएं
शिवराज सिंह चौहान का मानना है कि उनका जन्मदिन केवल उत्सव या समारोह का दिन नहीं है, बल्कि सेवा और समाज के लिए संकल्प का अवसर होना चाहिए। उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि लोग इस दिन अपने घर, मोहल्ले और आस-पास के क्षेत्रों में पेड़ लगाएं और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाएं।











