कौन हैं दीपक म्हस्के, जो अमित मालवीय की जगह बने बीजेपी आईटी सेल चीफ

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में बदलाव के साथ अपनी डिजिटल रणनीति में भी बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में लंबे समय से आईटी और सोशल मीडिया की कमान संभाल रहे अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब भाजपा आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन और डिजिटल पहुंच को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है।
लंबे समय से भाजपा की डिजिटल गतिविधि संभाल रहे
दीपक म्हस्के को भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपे जाने को पार्टी की डिजिटल रणनीति में अहम बदलाव माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ से जुड़े म्हस्के संगठन और मीडिया से जुड़े कामों में सक्रिय रहे हैं। उनकी पहचान टेक्नोलॉजी और चुनावी रणनीति की समझ रखने वाले नेता के रूप में भी होती है। रिपोर्टों के मुताबिक, वे लंबे समय से भाजपा की डिजिटल गतिविधियों और अभियानों से जुड़े रहे हैं। नए दायित्व के साथ अब उनकी भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर और महत्वपूर्ण हो गई है।
नवीन के साथ काम करने का मिला फायदा
दीपक म्हस्के की नियुक्ति को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उनके पुराने संगठनात्मक तालमेल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। नवीन जब छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी थे, उस दौरान म्हस्के ने संगठन से जुड़े कार्यों में उनके साथ काम किया था। पार्टी के भीतर उनकी संगठनात्मक सक्रियता और डिजिटल क्षेत्र की समझ को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है। हालांकि, नियुक्ति के पीछे पार्टी ने किसी एक कारण को आधिकारिक तौर पर प्रमुखता नहीं दी है।
2015 से मालवीय के हाथों में थी कमान
अमित मालवीय लंबे समय से भाजपा की डिजिटल मशीनरी का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्हें वर्ष 2015 में पार्टी के आईटी सेल की राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिली थी और इसके बाद करीब एक दशक तक वे इस भूमिका में बने रहे। अलग-अलग राष्ट्रीय अध्यक्षों के कार्यकाल में भी उनकी जिम्मेदारी बरकरार रही। इस दौरान भाजपा ने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने संगठनात्मक नेटवर्क को काफी विस्तार दिया। अब नितिन नबीन की नई टीम के गठन के साथ मालवीय को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
म्हस्के के साथ चार सह-संयोजक भी
भाजपा ने डिजिटल टीम को केवल एक चेहरे के भरोसे नहीं छोड़ा है। दीपक म्हस्के के साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया विभाग में सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रीति गांधी को आईटी सेल में भी सह-संयोजक बनाया गया है। पार्टी के इस नए ढांचे से संकेत मिलता है कि सोशल मीडिया को चुनावी राजनीति और संगठनात्मक संवाद के लिए और अधिक व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल करने की तैयारी है।
मालवीय ने नई टीम को दी शुभकामनाएं
नई जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने भाजपा की नई टीम को सार्वजनिक रूप से बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दीपक म्हस्के को विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख के रूप में उनकी जगह लेंगे। मालवीय ने नए सह-संयोजकों प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में भाजपा का डिजिटल कम्युनिकेशन आगे और मजबूत होगा।
नई राष्ट्रीय टीम में कई बड़े नाम
नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में केवल डिजिटल विभाग में ही बदलाव नहीं हुआ है। भाजपा ने अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा के रणनीतिकार माने जाने वाले राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की टीम में छह महिलाओं को जगह मिली है। इसके अलावा पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नई टीम को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की कवायद माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: BJP की नई टीम में MP-छत्तीसगढ़ का दबदबा, कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी












