‘वंदे मातरम’ के अपमान पर भाजपा का आक्रोश:गांधी हॉल से गांधी प्रतिमा तक निकला कैंडल मार्च

इंदौर - नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान के विरोध में भाजपा ने इंदौर में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी हॉल से गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांध रखी थी और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रगीत के सम्मान की मांग की।
कैंडल मार्च में भाजपा के मध्य प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, सांसद शंकर लालवानी, नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, उषा ठाकुर और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
‘वंदे मातरम आजादी का मूलमंत्र’
कैंडल मार्च के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। मध्य प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देश की आजादी का मूलमंत्र रहा है। पूरा देश इस राष्ट्रगीत को सम्मान के साथ गाता है, लेकिन कुछ ऐसी ताकतें हैं जिन्हें भारत माता की वंदना पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था और भारत माता की वंदना कर रहा था, उसी दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रगीत का कथित अपमान किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देशभर में आक्रोश है।
उषा ठाकुर बोलीं- ऐसी मानसिकता को सबक सिखाना होगा
विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रभावना का अपमान करने वाली मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी देशविरोधी मानसिकता को सबक सिखाया जाना चाहिए। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा का स्वर है। उनके मुताबिक कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत का अनादर कर देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
महापौर बोले- वंदे मातरम देश की जनचेतना का राग
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देश की जनचेतना का राग है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रगीत का अपमान कर देश की राष्ट्रचेतना और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का अपमान किया है। कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वंदे मातरम का विरोध भारत की आत्मा का विरोध है’ और ‘राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए। गांधी हॉल से गांधी प्रतिमा तक निकले मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।












