बिहार :स्कूल में मिड-डे मील के खाने में सांप! दाल- चावल खाते ही 250 से ज्यादा बच्चे बीमार, अस्पताल में भर्ती

बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों की तबीयत बिगड़ते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ती देख बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। यह मामला सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा का बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि बच्चों को जो दाल परोसी गई थी, उसमें सांप मिला था। हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खाना खाते ही बिगड़ने लगी बच्चों की हालत
स्कूल के छात्रों ने बताया कि गुरुवार को मिड-डे मील में चावल और दाल दी गई थी। खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। किसी को उल्टी होने लगी तो किसी को तेज पेट दर्द और चक्कर आने लगे। धीरे-धीरे बीमार बच्चों की संख्या बढ़ती गई। स्कूल में मौजूद शिक्षक और कर्मचारी भी घबरा गए। आनन-फानन में एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक भी स्कूल और अस्पताल पहुंच गए। बच्चों की हालत देखकर परिवार वालों में डर और गुस्सा दोनों नजर आया।
अस्पतालों में भर्ती कर किया जा रहा इलाज
अधिकारियों के मुताबिक, करीब 115 बच्चों को सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं लगभग 50 बच्चों का इलाज महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। कुछ बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौके पर तैनात हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सिविल सर्जन डॉक्टर राजनारायण प्रसाद ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
दाल में सांप, परिजनों का दावा
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल खाने की गुणवत्ता को लेकर उठ रहा है। कुछ बच्चों के परिजनों ने दावा किया कि जिस बर्तन में दाल बनाई गई थी, उसमें सांप मिला था। यही वजह है कि खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी। परिजनों का कहना है कि स्कूल में करीब 545 छात्र मौजूद थे, जिनमें से लगभग 200 बच्चों ने खाना खा लिया था। इसके बाद अचानक बच्चों की हालत खराब होने लगी। हालांकि प्रशासन ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। जिला प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि खाने में आखिर क्या गड़बड़ी थी।
जांच के लिए भेजे गए खाने के नमूने
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंच गई। अधिकारियों ने मौके से खाने के नमूने इकट्ठा किए हैं। फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम और औषधि निरीक्षक ने भी जांच शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ने कहा कि खाने के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि दाल में सांप था या फिर किसी दूसरी वजह से बच्चे बीमार हुए। प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन और मिड-डे मील व्यवस्था से जुड़े लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।











