भोपाल:प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक ने आत्महत्या कर ली है जिसका शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे पर लटका मिला शव

भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ नौकरी भी कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सौरभ सिंह (28) के रूप में हुई है जो मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला था। वह भोपाल के रोहित नगर फेस-2 में किराए से रहकर नौकरी करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

बहन के फोन के बाद खुला घटना का राज

पुलिस के अनुसार सौरभ अपने दोस्त आदित्य के साथ कमरा साझा करता था। शनिवार रात सौरभ की बहन ने आदित्य को फोन कर बताया कि उसका भाई लगातार कॉल करने के बावजूद फोन नहीं उठा रहा है। इसके बाद आदित्य कमरे पर पहुंचा। कमरे का दरवाजा खोलने पर सौरभ गमछे से बने फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

मोबाइल फोन जब्त, जांच शुरू

सूचना मिलने पर शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने सौरभ का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसके कॉल रिकॉर्ड, चैट और अन्य डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: क्या हमारी थाली में घुल रहा जहर? यूरोप में बैन कीटनाशक अब भी भारतीय खेतों में, कैंसर और गंभीर बीमारियों का बढ़ रहा खतरा

परिजनों को नहीं थी किसी परेशानी की जानकारी

परिजनों और दोस्तों के मुताबिक सौरभ ने कभी किसी मानसिक तनाव या निजी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। फरवरी महीने में वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने ग्वालियर गया था। इसके बाद वह वापस भोपाल आ गया और घर नहीं गया था।

ये भी पढ़ें: भोपाल: वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट के बेटे की जहर पीने से मौत, नौकरी छूटने का था तनाव

सुसाइड नोट नहीं मिला, सभी एंगल पर जांच

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts