Bhopal News :क्रिस्टल आइडियल सिटी कॉलोनी में सीवेज लाइन डालने का विरोध, रहवासियों ने दिया धरना

भोपाल। राजधानी के अवधपुरी क्षेत्र की सबसे बड़ी कॉलोनी क्रिस्टल आइडियल सिटी कॉलोनी में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित सीवेज लाइन डालने के कार्य का रहवासियों ने विरोध किया। सोमवार सुबह कॉलोनी के मेन गेट पर बड़ी संख्या में रहवासी एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण धरना देकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कॉलोनी के अंदर पहले से सीवेज व्यवस्था मौजूद है, ऐसे में बनी-बनाई सड़कों को तोड़कर नई लाइन डालना उचित नहीं है।
विकास कार्यों के विरोध में नहीं, लेकिन कॉलोनी को नुकसान मंजूर नहीं
रहवासियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन निजी कॉलोनी के अंदर सड़कें खोदकर सीवेज लाइन डालना अव्यावहारिक और नुकसानदायक फैसला है। उनका कहना है कि क्रिस्टल आइडियल सिटी के चारों फेस की अलग-अलग समितियां अपने-अपने क्षेत्र का रखरखाव और प्रबंधन करती हैं, इसलिए इतने महत्वपूर्ण कार्य से पहले संबंधित समितियों और पदाधिकारियों से चर्चा और सहमति लेना जरूरी था।
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Death Case: सुप्रीम कोर्ट में आज होगी सुनवाई, खुल सकते हैं बड़े राज! इन मुद्दों पर टिकी पूरी जांच
बिना सूचना शुरू कराया गया काम
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने बिना किसी पूर्व सूचना, विचार-विमर्श या सहमति के सीवेज लाइन डालने का काम शुरू करा दिया। रहवासियों के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई न केवल अनुचित है बल्कि कॉलोनीवासियों की राय की अनदेखी भी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि पहले चर्चा की जाती तो बेहतर विकल्पों पर सहमति बन सकती थी।

भविष्य में बढ़ सकती हैं समस्याएं
धरने में शामिल लोगों ने आशंका जताई कि कॉलोनी के भीतर सीवेज लाइन डाले जाने से भविष्य में बार-बार सड़क खुदाई, सीवेज चैंबर जाम, ट्रैफिक जाम और सड़क टूट-फूट जैसी समस्याएं लगातार बनी रहेंगी। इसके अलावा सुरक्षा संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है। रहवासियों का कहना है कि इन समस्याओं का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और दैनिक आवाजाही करने वाले लोगों पर पड़ेगा।
ये भी पढ़ें: MP में महंगाई की नई लहर! कई शहरों में डीजल 100 रुपए पार, पेट्रोल ₹115 के करीब; इस महीने चौथी बार बढ़े दाम
रीगल सिविक सेंटर के बाहरी हिस्से से लाइन डालने की मांग
कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि प्रस्तावित सीवेज लाइन को कॉलोनी के अंदर से निकालने के बजाय रीगल सिविक सेंटर के नाले के बाहरी हिस्से से डाला जाए। उनका कहना है कि यह विकल्प अधिक सुरक्षित, व्यावहारिक और जनहित में बेहतर साबित होगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और इसका उद्देश्य केवल रहवासियों की सुविधा, सुरक्षा और कॉलोनी के भविष्य की रक्षा करना है।
पूरी कॉलोनी एकजुट
रहवासियों ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरी कॉलोनी के हित से जुड़ा मामला है। इसी कारण सभी लोग एकजुट होकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।












