भोपाल में कारोबारी के घर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया; 6 ऑडियो में धमकी का दावा

भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में रियल एस्टेट कारोबारी संतोष (राजा) सिंह तोमर के घर के बाहर फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी नितेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा है। आरोपी को पुलिस भोपाल लेकर आ रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट से आरोपी नितेश ठाकुर गिरफ्तार
पुलिस ने फायरिंग के मामले में नितेश ठाकुर को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे भोपाल लेकर आ रही है। अब आरोपी से पूछताछ के बाद फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका और जमीन विवाद से जुड़े कनेक्शन को लेकर जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले में पुलिस धमकी के कथित ऑडियो और फायरिंग की घटना के बीच संबंध को लेकर भी जांच करेगी।
क्या है पूरा मामला?
रातीबड़ के गोरेगांव में 60 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी संतोष (राजा) सिंह तोमर के घर के बाहर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे फायरिंग हुई थी। संतोष (राजा) सिंह तोमर के मुताबिक, एक SUV में आधा दर्जन से ज्यादा लोग उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि बदमाशों ने घर के गेट के बाहर करीब पांच राउंड फायर किए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
फायरिंग से पहले धमकी के 6 ऑडियो आए थे सामने
मामले में फायरिंग से पहले फोन पर धमकी दिए जाने का भी दावा किया गया था। फरियादी पक्ष की ओर से कथित तौर पर 6 ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने लाई गई थीं। इन ऑडियो में एक व्यक्ति फरियादी को गालियां देते हुए भोपाल में काम नहीं करने की धमकी देता सुनाई देता है। बातचीत के दौरान वह खुद को मुरैना निवासी सौरभ चौहान बताता है और कहता है कि वह ग्वालियर से जमीन का काम करने आया है। ऑडियो में जमीन से जुड़े विवाद का हवाला देते हुए फरियादी को चुनौती देने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी।
अवैध प्लॉटिंग की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
बताया गया था कि संतोष सिंह तोमर ने इलाके में अवैध प्लॉटिंग को लेकर शिकायत की थी। इसी जमीन से जुड़े विवाद के बीच उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलने का दावा किया गया था। फायरिंग के बाद कारोबारी ने गांव में रहने वाले लखन मारण पर भी संदेह जताया था। अब नितेश ठाकुर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
भोपाल में ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट, VIP रोड पर भिड़ीं कई गाड़ियां, बाइक सवार घायल
पूछताछ के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
नितेश ठाकुर को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे भोपाल ला रही है। अब पूछताछ में फायरिंग की वजह, घटना में आरोपी की भूमिका और जमीन विवाद से उसके संबंधों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस धमकी के कथित 6 ऑडियो और फायरिंग की घटना के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच करेगी।



















