Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में कुख्यात अपराधी फैजान मछली गिरफ्तार, पैसे के लेन-देन को लेकर की थी फायरिंग, कट्टा भी जब्त

भोपाल में कुख्यात अपराधी फैजान मछली गिरफ्तार, पैसे के लेन-देन को लेकर की थी फायरिंग, कट्टा भी जब्त
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी के बुधवारा इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कुख्यात अपराधी फैजान मछली ने डेढ़ लाख रुपए के लेन-देन के विवाद में एक युवक पर फायरिंग कर दी। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन आरोपी ने करीब आठ राउंड हवाई फायर कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से देसी कट्टा भी जब्त किया।

    होटल संचालक से पैसों के विवाद में हमला

    टीआई काशीराम कुशवाह के मुताबिक फरियादी दानिश बेग (30) निवासी खजांची वाली गली बुधवारा अपने घर के पास चाय और बिरयानी का होटल चलाते हैं। दानिश ने पुलिस को बताया कि रात करीब 1:15 बजे वह अपने बड़े भाई शारिक बेग और उसके दोस्त फरहान के साथ घर के सामने बैठे थे। तभी आरोपी फैजान मछली अपने दो साथियों के साथ एक्टिवा से वहां पहुंचा और डेढ़ लाख रुपए के लेन-देन को लेकर गाली-गलौच करने लगा।

    विरोध करने पर 8 राउंड फायरिंग

    दानिश के भाई शारिक बेग ने जब अभद्रता का विरोध किया तो फैजान गुस्से में आ गया। आरोपी ने मौके पर ही करीब आठ राउंड फायरिंग की और शारिक के साथ लात-घूसों से मारपीट कर दी। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

    आरोपी से देसी कट्टा जब्त

    पुलिस ने रात भर की तलाश के बाद बुधवार तड़के आरोपी फैजान मछली को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह हथियार उसने कहां से और कितने में खरीदा।

    कुख्यात अपराधी के खिलाफ कई मामले दर्ज

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार फैजान मछली पर पहले से ही बलवा, मारपीट, फायरिंग और अनैतिक गतिविधियों के करीब 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 296, 125(A), 351(2), 3(5) BNS और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts