Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

41°C में सिलेंडर के लिए जंग:भोपाल में 5-6 घंटे लाइन, कई लोग बेहोश

भीषण गर्मी के बीच भोपाल में गैस सिलेंडर की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए हैं। 41 डिग्री तापमान में लोग घंटों लाइन में खड़े होकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं।
Follow on Google News
भोपाल में 5-6 घंटे लाइन, कई लोग बेहोश

ब्रजेंद्र वर्मा, भोपाल। भीषण गर्मी के बीच शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए हैं। 41 डिग्री तापमान में लोग घंटों लाइन में खड़े होकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। पुराने शहर में स्थिति ज्यादा खराब है जहां 5 से 6 घंटे इंतजार के बाद सिलेंडर मिल रहा है और कई लोग बेहोश तक हो रहे हैं।

तपती धूप में इंतजार

हमीदिया रोड के पास रेलवे कॉलोनी मैदान में दोपहर के समय लोग खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े नजर आए। करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग गर्मी सहन नहीं कर सके और बेहोश हो गए।

/img/116/1777047931364

आसपास मौजूद लोगों ने पानी डालकर उन्हें होश में लाया और छांव में बैठाया। सुबह से लाइन में लगे 50 से ज्यादा लोग सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे। गर्मी और अव्यवस्था ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

होम डिलीवरी ठप

लोगों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी एक सप्ताह तक सिलेंडर घर नहीं पहुंच रहा। हमीदिया रोड के रहने वाले केडी शर्मा बताते हैं कि सुबह 7 बजे से लाइन में लगे हैं क्योंकि घर पर कोई और नहीं है और डिलीवरी नहीं हुई। नईम खान का कहना है कि 'कोई सुनने वाला नहीं है मजबूरी में धूप में आना पड़ रहा है।'

/img/116/1777047988277

खाली पेट इंतजार, पेड़ों पर बैठकर देख रहे रास्ता

अल्पना टॉकीज के पीछे नवरत्न गैस एजेंसी के उपभोक्ता सुबह 8 बजे से लाइन में लगे रहे लेकिन दोपहर डेढ़ बजे तक सिलेंडर नहीं मिला। कुछ लोग भूखे पेट खड़े रहे तो कुछ पेड़ों पर चढ़कर ट्रक आने का इंतजार करते नजर आए। जितेंद्र शर्मा का कहना है कि घर में गैस खत्म हो गई है खाना नहीं बन पा रहा लेकिन मजबूरी में गर्मी सहनी पड़ रही है।

ब्लैक में महंगा सिलेंडर, आम आदमी परेशान

रेलवे कॉलोनी के आजाद अली ने बताया कि बाजार में सिलेंडर 2500 रुपए तक में मिलने की बात सुनने में आ रही है जबकि असली कीमत करीब 918 रुपए है। इतने महंगे में खरीदना संभव नहीं है इसलिए लाइन में लगना मजबूरी है।

ये भी पढ़ें: लोकायुक्त इंदौर की टीम ने किश्तों में रिश्वत ले रही खालवा की महिला बाल विकास की पर्यवेक्षक को रंगे हाथों पकड़ा

नए शहर में राहत लेकिन एजेंसियों पर ताले जैसे हालात

पुराने शहर के उलट नए शहर में हालात कुछ बेहतर दिखे। कई गैस एजेंसियों पर नोटिस लगे हैं कि सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं और केवल होम डिलीवरी ही होगी। यहां भी लोग कम दिखे लेकिन सप्लाई की कमी साफ नजर आई।

आंकड़ों में समझें पूरी स्थिति

शहर में सामान्य दिनों में करीब 15 हजार सिलेंडरों की डिलीवरी होती है लेकिन अभी यह घटकर 12 हजार के आसपास रह गई है। कंपनियों से 70-80% स्टॉक मिल रहा है, जबकि 20-30% की कमी के कारण डिलीवरी सिस्टम प्रभावित हो रहा है।

गड़बड़ियों की शिकायतें भी सामने आईं

लोगों को बुकिंग के बाद OTP नहीं मिल रहा कई बार बिना डिलीवरी के ही मैसेज आ रहा है कि सिलेंडर पहुंच गया। कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है और एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

उपभोक्ताओं से लिया जा रहा है डिलीवरी चार्ज

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सिलेंडर घर तक पहुंच ही नहीं रहा तो उपभोक्ताओं से डिलीवरी चार्ज क्यों लिया जा रहा है। इस मुद्दे पर एजेंसियों की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा।

ये भी पढ़ें: MP News : रीवा में सौतेली मां ने मासूम को पीट-पीटकर मार डाला, तड़पती बच्ची को पानी भी नहीं दिया

क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन का कहना है कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों के खिलाफ FIR तक दर्ज की जाएगी। वहीं भोपाल गैस डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके गुप्ता ने बताया कि 70-80% स्टॉक मिल रहा है लेकिन तकनीकी दिक्कतों जैसे OTP और सर्वर समस्या के कारण होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है। उनके मुताबिक पुराने शहर में एजेंसियों की व्यवस्था में कमी भी एक बड़ी वजह है।

/img/116/1777047978333

क्यों बिगड़े हालात

भीषण गर्मी, सीमित स्टॉक और डिलीवरी सिस्टम की खामियों ने मिलकर यह स्थिति पैदा की है। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। यह हालात न सिर्फ सप्लाई सिस्टम पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि शहर में जरूरी सेवाओं की उपलब्धता पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts