भोपाल में किसान आंदोलन उग्र :बसों और बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदर्शनकारी, CM हाउस कूच का ऐलान

भोपाल में मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम और अन्य मांगों को लेकर किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है। किसान मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी में हैं। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाकर कई रास्ते बंद कर दिए हैं। ट्रैफिक प्रभावित होने पर नर्मदापुरम रोड के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
बसों और बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदर्शनकारी, CM हाउस कूच का ऐलान
मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे किसान, भोपाल में आंदोलन के बीच पुलिस का कड़ा पहरा

मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम और अन्य मांगों को लेकर भोपाल में किसानों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी है। बड़ी संख्या में किसान प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए हैं और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।

किसानों का अर्धनग्न प्रदर्शन

Twitter Post

बैरिकेडिंग पर चढ़े प्रदर्शनकारी

किसान आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और कुछ किसान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड के लिए इस्तेमाल की जा रही बसों पर भी चढ़ गए। पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें नीचे उतारा और आगे बढ़ने से रोक दिया।

Twitter Post

CM हाउस की ओर बढ़ने की तैयारी

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि जैसे ही उनके सभी साथी पहुंच जाएंगे, वे मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। किसानों के जवाहर चौक वाले मार्ग से भी आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

/img/15/1785309510006

सीएम मोहन यादव बोले- किसानों से बातचीत करेंगे मंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा के लिए सरकार ने मंत्रियों की एक समिति बनाई है। यह समिति किसानों से बातचीत कर उनकी बात सुनेगी और समाधान निकालने का प्रयास करेगी। सीएम ने कहा कि सरकार किसानों के सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

Twitter Post

कई रास्तों पर बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल तैनात

एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु से पहले और विचित्र कुमार सिन्हा मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सड़क पर सरकारी बसें भी खड़ी की गई हैं। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

ट्रैफिक डायवर्ट, लोगों को परेशानी

किसानों के प्रदर्शन के कारण नर्मदापुरम रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित है। मंगलवार रात से कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। होशंगाबाद रोड, एम्स, बंसल प्लाजा और कटारा हिल्स रोड पर लंबे जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्कूलों में घोषित की गई छुट्टी

ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि बच्चों और अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

/img/15/1785309546061

प्रदर्शन स्थल पर जारी है किसानों की दिनचर्या

प्रदर्शन के बीच किसान अपने दैनिक काम भी कर रहे हैं। कई किसान रातभर जागने के बाद जहां जगह मिली, वहीं आराम करते नजर आए। वहीं कुछ किसान दोपहर के भोजन के लिए दाल-बाटी बनाते दिखे। किसानों ने आमंत्रित नेताओं से प्रदर्शन स्थल पर आकर उनके साथ भोजन करने और बातचीत करने की अपील भी की।

किसानों के समर्थन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। वे पोस्टरों पर नारे लिखती और आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाती नजर आईं।

सरकार की 'सद्बुद्धि' के लिए किया हवन

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार की 'सद्बुद्धि' के लिए हवन भी किया। किसानों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन उन्हें फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा। कई किसानों ने आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए सरकार से जल्द उनकी मांगें पूरी करने की अपील की।

/img/15/1785309594415

सुविधाएं हटाने का लगाया आरोप

किसानों का आरोप है कि प्रशासन ने उनका मनोबल तोड़ने के लिए प्रदर्शन स्थल से शौचालय और पानी के टैंकर जैसी मूलभूत सुविधाएं हटा दी हैं। हालांकि किसानों का कहना है कि सुविधाएं हटने के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन रहेगा जारी

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने साफ कहा है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर फैसला नहीं लेती, तब तक वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। फिलहाल राजधानी भोपाल में स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts