भोपाल में डॉक्टर पर फायरिंग, पुराने दोस्त ने तीन राउंड चलाई गोलियां

भोपाल। गांधी नगर स्थित पतंजलि कॉम्प्लेक्स में मंगलवार देर रात 27 वर्षीय डॉक्टर श्वेता ठाकुर पर उनके पुराने दोस्त नवीन ने फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक बातचीत के बहाने फ्लैट पर पहुंचे नवीन का श्वेता से विवाद हो गया। इसी दौरान उसने तीन राउंड फायर किए। एक गोली श्वेता की कनपटी को छूती हुई निकल गई जिससे वह घायल हो गईं। फायरिंग के बाद नवीन ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में उसके शरीर में गोली मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। उसे घायल हालत में एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बातचीत के बहाने फ्लैट पर पहुंचा था नवीन
गांधी नगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी के मुताबिक श्वेता ठाकुर पिता गिरीश नारायण ठाकुर पतंजलि परिसर में रहती हैं। वह आरकेडीएफ कॉलेज से एमडी की पढ़ाई कर रही हैं और मूल रूप से गुजरात की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार श्वेता करीब तीन दिन पहले अपने कजिन भाई अभिषेक ठाकुर के साथ गुजरात से भोपाल लौटी थीं। मंगलवार रात करीब 12 बजे नवीन उनसे बातचीत करने के लिए उनके फ्लैट पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला फायरिंग तक पहुंच गया।
तीन राउंड फायर, कनपटी को छूकर निकली गोली
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान नवीन ने श्वेता पर तीन राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली उनकी कनपटी को छूते हुए निकल गई जिससे उन्हें चोट आई। फायरिंग के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर जान देने की कोशिश की। उसके सीने और पेट पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि मौके की जांच के दौरान पुलिस को उसके शरीर में गोली नहीं मिली है। इस बिंदु की भी जांच की जा रही है।
एलबीएस अस्पताल में आरोपी का इलाज
घटना के बाद नवीन को घायल अवस्था में मोतिया तालाब के सामने स्थित एलबीएस अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस अस्पताल में उसका इलाज होने के साथ-साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: गढ़ी रियासत के वंशज हनुमत सिंह ने की खुदकुशी, लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली
एयर पिस्टल के इस्तेमाल की आशंका
थाना प्रभारी के अनुसार शुरुआती जांच में वारदात में एयर पिस्टल के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। पुलिस हथियार की वास्तविक प्रकृति और उससे फायर किए जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मौके से मिले साक्ष्यों, हथियार और घटनाक्रम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि फायरिंग में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल हुआ था।
दूसरे युवक से रिश्ते के शक को लेकर विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि नवीन को शक था कि श्वेता किसी दूसरे युवक के साथ रिलेशनशिप में हैं। पुलिस के मुताबिक वह श्वेता पर लगातार अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस अब पुराने रिश्ते, विवाद की वजह और मंगलवार रात हुए घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पुलिस जांच में कई पहलू शामिल
पुलिस मामले में आरोपी और डॉक्टर के बीच पुराने संबंध, फायरिंग की वजह, हथियार की प्रकृति और घटना के समय मौजूद साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था।



















