भोपाल:कैटरिंग गोदाम में लगी आग, 22 गैस सिलेंडर समय रहते निकाले बाहर

राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रहवासी क्षेत्र में स्थित एक कैटरिंग गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम के अंदर बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे थे। समय रहते सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया वरना बड़ा धमाका हो सकता था। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। निशातपुरा थाना क्षेत्र के करोंद इलाके में हैप्पी इंडेन गोदाम के पास स्थित एक कैटरिंग गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के बाद वहां रखी लकड़ियां और गद्दे तेजी से जलने लगे जिससे इलाके में धुआं फैल गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
फायर फाइटर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोदाम से धुआं निकलता देख वहां से गुजर रहे नगर निगम के फायर फाइटर पंकज यादव तुरंत अंदर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सबसे पहले गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों को बाहर निकालने का फैसला लिया। गोदाम में करीब 22 खाली और भरे कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे थे। पंकज यादव ने स्थानीय लोगों की मदद से एक-एक कर सभी सिलेंडरों को बाहर फिंकवाना शुरू किया ताकि आग सिलेंडरों तक न पहुंच सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडरों में आग लग जाती या ब्लास्ट हो जाता तो आसपास के रहवासी इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था।
100 मीटर दूर था पेट्रोल पंप
घटना स्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर ही पेट्रोल पंप भी मौजूद है। ऐसे में आग और सिलेंडर ब्लास्ट की स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो इसकी लपटें पेट्रोल पंप तक पहुंच सकती थीं जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें: दिल्ली पहुंचे मोहन यादव : नितिन नबीन से मुलाकात के बाद एमपी की राजनीति गरमाई
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर और छोटा फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे गद्दे और अन्य सामान जल गए। रूई से बने गद्दों ने आग तेजी से पकड़ ली थी लेकिन दमकलकर्मियों ने समय रहते स्थिति संभाल ली।
ये भी पढ़ें: UP News: चंदौली में बुलडोजर एक्शन, सपा कार्यालय जमींदोज; PWD ने की कार्रवाई
शॉर्ट सर्किट बताई जा रही आग की वजह
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने फायर फाइटर पंकज यादव की सूझबूझ और बहादुरी की सराहना की जिनकी तेजी से कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया।












