Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में भाजपा नेताओं ने चलाया 'एक बागिया मां के नाम' अभियान, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

- कांग्रेस की सूची को लेकर भाजपा नेताओं ने साधा निशाना, आलोक शर्मा बोले- कांग्रेस गुटबाजी में बंटी, विसर्जन की ओर बढ़ रही है
भोपाल में भाजपा नेताओं ने चलाया 'एक बागिया मां के नाम' अभियान, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार को भाजपा नेताओं ने 'एक बागिया मां के नाम' अभियान के तहत विशाल पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी द्वारा भदभदा पुल स्थित ज्यूडिशियल एकेडमी के सामने किया गया था। 

    इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद आलोक शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, करुणाधाम आश्रम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल महाराज सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

    Twitter Post

    आज की पीढ़ी पर पर्यावरण सुधारने की बड़ी जिम्मेदारी : खंडेलवाल

    कार्यक्रम में पौधारोपण करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज की पीढ़ी पर पर्यावरण सुधारने की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा- हमने पौधे लगाने का संकल्प लिया है। पिछले 20-25 सालों में पर्यावरण बुरी तरह बिगड़ा है और इसे सुधारने का काम हमें ही करना होगा। पौधारोपण करना आज की जरूरत है।

    कांग्रेस की सूची पर भाजपा का तंज

    इस मौके पर कांग्रेस की हालिया सूची और आंतरिक विरोध को लेकर भी भाजपा नेताओं ने बयान दिए। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस का यह उनका आंतरिक मामला है कि किसे क्या जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन जिस तरह से विरोध और असंतोष सामने आ रहा है, वह कांग्रेस की कार्यप्रणाली को उजागर करता है।

    आलोक शर्मा बोले- कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का होता है अपमान

    भाजपा सांसद आलोक शर्मा ने कांग्रेस की सूची पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- इसमें कोई नई बात नहीं है, कांग्रेस गुटों में बंटी हुई है। जो कार्यकर्ता जमीन से जुड़े रहते हैं, उनका कभी मूल्यांकन नहीं होता। कांग्रेस हमेशा निष्ठावान कार्यकर्ताओं का अपमान करती रही है, इसलिए इस्तीफे की झड़ी लग रही है।

    उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अब विसर्जन की ओर बढ़ रही है और उसे आत्ममंथन की जरूरत है। जैसे ही सूची जारी हुई वैसे ही इस्तीफे शुरू हो गए। कांग्रेस ने हकदार कार्यकर्ताओं का अपमान किया है। जनता से कट चुकी कांग्रेस अब समाज का भला नहीं कर सकती।

    भाजपा कैडर बेस पार्टी है : आलोक शर्मा

    अपने अनुभव साझा करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा ही असली कैडर बेस पार्टी है। उन्होंने कहा- मैं खुद एक पार्षद से सांसद बना हूं, यह भाजपा की ताकत है। भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर देती है, जबकि कांग्रेस अपने ही वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हक छीनने का काम करती है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts