Borsha Utsav: भोपाल में सजा बंगाली संस्कृति का रंग, रवींद्र संगीत पर झूमे कलाकार

भोपाल में आयोजित ‘वर्षा उत्सव’ में बंगाली संस्कृति, संगीत और नृत्य का खूबसूरत संगम देखने को मिला। रवींद्र संगीत की धुनों पर कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति दी, वहीं रवींद्रनाथ टैगोर की कविताओं पर आधारित नृत्य नाटिका ने दर्शकों का मन मोह लिया। आनंदोधारा एन्सेम्बल और शारदा बंगाली महिला समिति, भोपाल की ओर से आयोजित इस दो घंटे के कार्यक्रम में स्पेशल ओलिंपिक्स भारत, मध्यप्रदेश का भी विशेष सहयोग रहा। महापौर मालती राय, एडिशनल डायरेक्टर जनरल इनकम टैक्स राजकुमार घोष और विशिष्ट अतिथि इंदिरा भादुड़ी मौजूद रहीं। आयोजन में स्पेशल ओलिंपिक्स भारत, मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक दीपांकर बनर्जी की मुख्य भूमिका रही।
रवींद्र संगीत के साथ दिखा नृत्य का अनोखा मेल
वर्षा उत्सव में सबसे खास प्रस्तुति लाइव संगीत और नृत्य का मेल रही। मंच पर कलाकारों ने रवींद्र संगीत की प्रस्तुति दी और उसी समय नर्तकों ने गीतों के भाव के अनुसार बंगाली नृत्य पेश किया। संगीत और नृत्य के इस तालमेल ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। पूरी प्रस्तुति में बंगाली संस्कृति की सादगी और सुंदरता नजर आई।
शांति निकेतन की परंपरा की भोपाल में झलक
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन शांति निकेतन में होने वाले ‘वर्षा मंगल’ से प्रेरित है। बारिश के मौसम और प्रकृति से जुड़े इस उत्सव को बंगाली संस्कृति में खास स्थान प्राप्त है। भोपाल में इसे स्थानीय रंग के साथ प्रस्तुत किया गया। रवींद्र संगीत के साथ बंगाली कविताओं का पाठ और पारंपरिक नृत्य ने कार्यक्रम को अलग पहचान दी।
ये भी पढ़ें: प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में 4 सितंबर को गूंजेगा राधा नाम, चांदी के झूले में विराजेंगे मुरली मनोहर
कला प्रदर्शनी ने भी खींचा ध्यान
कार्यक्रम स्थल पर विशेष कला प्रदर्शनी भी लगाई गई। जहां मंच पर संगीत और नृत्य की प्रस्तुति चल रही थी, वहीं प्रदर्शनी में कलाकारों की रचनाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनीं। इस पहल ने उत्सव को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा बल्कि कला को भी इसका अहम हिस्सा बनाया।
दिव्यांग प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
वर्षा उत्सव में दिव्यांग खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक संदेश भी दिया गया। आयोजकों का कहना था कि इन प्रतिभाओं को केवल खेल के मैदान तक पहचान मिलना पर्याप्त नहीं है। उनकी दूसरी क्षमताओं और हुनर को भी सामने लाने के लिए ऐसे मंच जरूरी हैं। सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की खूबसूरती में एक और पहलू जोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में CJP की स्कूल ऑडिट बैठक में हंगामा, छात्रों ने लगाए नारे; मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
विविध संस्कृतियों को जोड़ता भोपाल
वर्षा उत्सव ने भोपाल की सांस्कृतिक विविधता की एक और तस्वीर सामने रखी। संगीत, नृत्य, साहित्य, कला और सामाजिक सम्मान को एक साथ जोड़कर आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को बंगाली परंपराओं से करीब से जुड़ने का मौका दिया। इस आयोजन ने यह भी दिखाया कि अलग-अलग संस्कृतियां अपनी पहचान के साथ एक-दूसरे के रंगों को अपनाकर शहर की खूबसूरती बढ़ाती हैं।




















