भोपाल में कल से शुरू होगी सीलिंग की कार्रवाई, दुकानों पर 24 घंटे के नोटिस चस्पा

भोपाल। नगर निगम ने 26 अगस्त तक कुल 8264 नोटिस जारी किए थे, जिनका अब परीक्षण किया जा रहा है। वार्ड-58 के गौतम नगर स्थित रेसीडेंसियल बिल्डिंग में संचालित होटल को पहले ही सील किया जा चुका है। सोमवार को छह जगहों पर कार्रवाई होगी, जिसमें पुलिस की मौजूदगी में दुकानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।
24 घंटे के नोटिस के बाद शुरू होगी कार्रवाई
रहवासी इलाकों में कारोबार को लेकर भोपाल में सोमवार से कार्रवाई होगी। रविवार को नगर निगम ने दुकानों पर 24 घंटे के नोटिस चस्पा दिए। कार्रवाई के दौरान पुलिस की मौजूदगी रहेगी, ताकि हंगामा होने की स्थिति में सख्ती से निपटा जा सके। नगर निगम ने 26 अगस्त तक कुल 8264 नोटिस जारी किए थे। इसके बाद नोटिस का परीक्षण किया जा रहा है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम में 4 सितंबर को गूंजेगा राधा नाम, चांदी के झूले में विराजेंगे मुरली मनोहर
6 थानों का पुलिस बल रहेगा तैनात
कार्रवाई में हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में सीलिंग की जाएगी। मिसरोद, हबीबगंज, रातीबड़, कोहेफिजा, गोविंदपुरा, ऐशबाग और कोलार थाना पुलिस का बल तैनात किया जाएगा। नगर निगम और पुलिस की टीम सोमवार को छह जगहों पर कार्रवाई करेगी। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई तेज
भोपाल में आवासीय भवनों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध निर्माण के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त के पहले सप्ताह में सुनवाई की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा गठित 10 सदस्यीय जांच समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से दुकान संचालकों को मिले सभी राहत आदेश यानी स्टे ऑर्डर भी निरस्त कर दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि उसके निर्देश पर चल रही जांच में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।
15 सितंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी। इस दौरान नगर निगम को कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करना है। इसके चलते ही नोटिस और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पिछले चार दिन से व्यापारियों को नोटिस नहीं दिए गए हैं। अफसरों का कहना है कि नोटिस देने के बाद उनका परीक्षण किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: हरदा में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई, अनिल माणिक हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रहवासी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों से परेशानी
नगर निगम का कहना है कि रहवासी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियां गलत हैं और इन्हें बंद किया जाना चाहिए। कमर्शियल गतिविधि होने से आवासीय क्षेत्र में शोर, भीड़ और सार्वजनिक शांति भंग जैसी स्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियां भी बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता है और बढ़ते ट्रैफिक की वजह से हादसों का खतरा बना रहता है।




















