भोपाल:कजलीखेड़ा-छावनी पठार में बुलडोजर एक्शन, 89 मकान-दुकानें जमींदोज

भोपाल जिला प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जगहों पर बुलडोजर चलाया। इस अभियान में 89 अवैध मकान और दुकानों को हटाकर 7.5 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।
कजलीखेड़ा-छावनी पठार में बुलडोजर एक्शन, 89 मकान-दुकानें जमींदोज

भोपाल। छावनी पठार और कजलीखेड़ा क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की कीमत 8 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

छावनी पठार में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई 

हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के निर्देशन में छावनी पठार क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां नेशनल हाईवे की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा कर निर्माण किए गए थे। प्रशासन ने सुबह से अभियान शुरू कर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। पुलिस बल भी पूरे समय मौके पर तैनात रहा।

54 मकान और दुकानों को किया जमींदोज

कार्रवाई के दौरान करीब ढाई एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया। इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जेसीबी मशीनों की मदद से 54 मकान और दुकानों को हटाया गया। दोपहर तक पूरा अभियान शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।

/img/118/1781358382294

कजलीखेड़ा में भी बुलडोजर कार्रवाई 

कोलार रोड स्थित कजलीखेड़ा में दोपहर बाद अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू हुई। यहां सरकारी जमीन पर लंबे समय से कब्जा कर मकान बना लिए गए थे। प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच अभियान चलाया। अवैध निर्माणों को हटाने के लिए जेसीबी का उपयोग किया गया।

ये भी पढ़ें: कोच्चि : ऑयल टैंकर के फ्यूल टैंक में फंसी थी मिसाइल, कोच्चि पहुंचने पर नेवी ने निकाला वारहेड

5 एकड़ जमीन से हटाया गया कब्जा

प्रशासन के अनुसार कजलीखेड़ा में कई लोगों ने हजारों वर्गफीट सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा था। नोटिस जारी करने के बाद शनिवार को कार्रवाई की गई। इस दौरान 35 मकानों को ध्वस्त कर करीब 5 एकड़ जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts