Bhind News : रेत माफिया का कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव, सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर से बदमाशों को खदेड़ा

Bhind News : रेत माफिया का कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव, सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर से बदमाशों को खदेड़ा
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिला कलेक्टर के वाहन को रेत माफिया ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की, जिसके बाद कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर कर बदमाशों को खदेड़ा और कलेक्टर को वहां से सुरक्षित निकाला। ऊमरी पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात के इस मामले में हमलावरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

रेत खदान का निरीक्षण करने गए थे कलेक्टर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ककाहारा रेत खदान का निरीक्षण करने के लिए निजी वाहन से निकले थे। उनके साथ राजस्व अमला और स्थानीय थाने का स्टाफ नहीं था। इसी बीच रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आई तो कलेक्टर ने उसे रोका। पूछताछ के कारण चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग निकला।

बदमाशों ने कलेक्टर की गाड़ी पर किया पथराव

कलेक्टर ने पास ही खड़ी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ऊमरी थाने पहुंचाने को कहा और स्वयं भी अपनी गाड़ी से उसके पीछे चलने लगे। इसी बीच दो वाहनों से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को रोक लिया। ट्रैक्टर रुकवाने वाले बदमाशों ने कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर किए, जिस पर रेत माफिया के लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले।

ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने लाया गया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेत माफिया के वाहनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली को ऊमरी थाने लाया गया। थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने आज यहां बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। ये भी पढ़ें- Indore News : दिनदहाड़े छात्रा पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार, सांवेर में विरोध प्रदर्शन, रहवासियों ने किया चक्काजाम
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts