Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी: 2 दशक से सड़क बदहाल, हर तरफ गड्ढे; पार्षदों ने दी 2 सितंबर से आंदोलन की चेतावनी

कटनी जिले की नगर परिषद बरही के छिदिया-हीरापुर क्षेत्र की सड़क पिछले 2 दशक से बदहाल है। बरसात में सड़क बड़े-बड़े गड्ढों और गंदे पानी से तालाब जैसी नजर आती है, जबकि गर्मी में धूल के गुब्बार उड़ते हैं। अब नगर परिषद अध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र लिखकर सड़क निर्माण की मांग की है, वहीं पार्षदों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
कटनी: 2 दशक से सड़क बदहाल, हर तरफ गड्ढे; पार्षदों ने दी 2 सितंबर से आंदोलन की चेतावनी
2 दशक से सड़क बदहाल

कटनी। बरही की इस सड़क का इस्तेमाल ददरा, कनौर और जाजागढ़ की माइंस और क्रशर प्लांट से गिट्टी परिवहन के लिए होता है। गिट्टी परिवहन से मिलने वाला 10 फीसदी राजस्व डीएमएफ फंड में जमा होता है, जो हर वर्ष करोड़ों रुपए बताया जा रहा है। इसके बावजूद सड़क के स्थायी निर्माण की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं होने से रहवासी परेशान हैं। अब कलेक्टर के नाम दिए गए ज्ञापन में एक सप्ताह में समस्या का निदान नहीं होने पर 2 सितंबर से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

2 दशक से सड़क की हालत बदहाल

नगर परिषद बरही के छिदिया-हीरापुर क्षेत्र के रहवासी पिछले 2 दशक से सड़क की बदहाली का दंश झेल रहे हैं। बारिश आते ही सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाती है और इन गड्ढों में भरा गंदा पानी देखकर ऐसा लगता है मानो सड़क नहीं, बल्कि तालाब बन गया हो। कीचड़, गंदगी और मच्छरों के बीच रहवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को इस सड़क से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। वहीं गर्मी में कीचड़ सूखते ही यही सड़क धूल का मैदान बन जाती है और लोगों को धूल के गुब्बार के बीच आवाजाही करनी पड़ती है।

/img/118/1787915254505

नगर परिषद अध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र  

सड़क की लगातार खराब होती स्थिति को लेकर अब नगर परिषद अध्यक्ष ने कलेक्टर को पत्र लिखकर गड्ढों में तब्दील सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। वहीं परिषद के उपाध्यक्ष मोहन सिंह, पार्षद संतोष द्विवेदी, परिषद के निर्माण प्रभारी पार्षद ईकबाल पवार, पार्षद पति श्रवण सोनी और पार्षद हीरालाल महतेल भी सड़क की समस्या को लेकर आंदोलन की चेतावनी दे चुके हैं। कलेक्टर के नाम तहसीलदार और टीआई को दिए गए ज्ञापन में एक सप्ताह के भीतर समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन की बात कही गई है। आंदोलन के लिए 2 सितंबर की तारीख भी मुकर्रर की गई है। क्षेत्र के पार्षद रहवासियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। अब अध्यक्ष की गुहार और पार्षदों की धमकी का असर क्या होता है, यह आने वाला समय ही बताएगा।

ये भी पढ़ें: दादा, क्या तकलीफ है...? बीमार बुजुर्ग दंपति के लिए बेटे बने कलेक्टर, खुद डॉक्टर के कमरे तक लेकर गए

माइंस और क्रशर से करोड़ों का डीएमएफ फंड 

इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि ददरा, कनौर और जाजागढ़ में संचालित माइंस और क्रशर प्लांट से गिट्टी का परिवहन इसी मार्ग से होता है। गिट्टी परिवहन से मिलने वाले राजस्व का 10 फीसदी डीएमएफ फंड में जमा होता है, जो हर वर्ष करोड़ों रुपए बताया जा रहा है। बावजूद इसके जिला प्रशासन द्वारा यहां की बुनियादी सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दिया गया है। जबकि डीएमएफ फंड के उपयोग का प्रावधान प्रभावित क्षेत्र और स्थानीय स्तर पर करने का है। क्रशर प्लांटों से भारी वाहनों के जरिए गिट्टी का परिवहन इसी मार्ग से किया जा रहा है और भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि खनिज संचालकों से ली जा रही रॉयल्टी और डीएमएफ फंड का उपयोग आखिर इस सड़क के स्थायी निर्माण में क्यों नहीं किया जा रहा है।

Breaking News

रहवासियों को आवागमन में हो रही परेशानी 

खस्ताहाल सड़क की मरम्मत यहां के माइंस संचालकों द्वारा लंबे अरसे से की जा रही है और प्रशासन भी उन्हीं पर सड़क मरम्मत कराने का दबाव डालता रहा है। जबकि सड़क निर्माण की वास्तविक जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की है। हर वर्ष वर्षा ऋतु में सड़क की बदहाली को लेकर मांग उठती है, इसके बाद माइंस संचालकों पर दबाव बनाकर गड्ढे भरने का काम शुरू हो जाता है। बरसात में गड्ढे और कीचड़ तो गर्मी में धूल के गुब्बार यहां के रहवासियों की परेशानी बढ़ाते हैं। हर साल चेतावनी और धरना-प्रदर्शन की बात सामने आती है, लेकिन इसके बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो पाता। सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों रुपए के डीएमएफ फंड का उपयोग कर इस सड़क के स्थायी निर्माण के प्रयास आखिर क्यों नहीं किए जा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस बार की धमकी और चेतावनी सिर्फ ज्ञापन तक सीमित रहती है या नगर के जिम्मेदार कोई ठोस कदम उठाते हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts